Reema Sen: कभी साउथ में मचाया धमाल, तो गैंग्स ऑफ वासेपुर में निभाया दमदार किरदार, जानें एक्ट्रेस का फिल्मी सफर
Reema Sen Birthday Special: रीमा सेन ने साउथ और हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। मिन्नाले से फेमस हुई एक्ट्रेस ने गैंग्स ऑफ वासेपुर जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान खींचा।
रीमा सेन ने साल 2000 में तेलुगु फिल्म चित्रम से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला और यह बॉक्स ऑफिस पर सफल रही। शुरुआती दौर में ही रीमा ने दक्षिण भारतीय फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी थी।(सौ. सोशल मीडिया)
साल 2001 में रिलीज हुई तमिल फिल्म मिन्नाले रीमा सेन के करियर की अहम फिल्मों में शामिल है। आर. माधवन के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने पसंद किया। फिल्म के गाने और दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री काफी लोकप्रिय हुई। इस फिल्म के बाद रीमा सेन को तमिल सिनेमा में व्यापक पहचान मिली।(सौ. सोशल मीडिया)
रीमा सेन ने अपने करियर में केवल ग्लैमरस या रोमांटिक भूमिकाएं ही नहीं निभाईं, बल्कि अलग-अलग तरह के किरदारों के साथ प्रयोग भी किए। तमिल फिल्म चेल्लमे और निर्देशक सेल्वाराघवन की आयिरथिल ओरुवन में उनके अभिनय ने दर्शकों का ध्यान खींचा। आयिरथिल ओरुवन में उनका किरदार जटिल और चुनौतीपूर्ण था। इस भूमिका के जरिए अभिनेत्री ने अपनी अभिनय क्षमता का एक अलग पक्ष दिखाया।(सौ. सोशल मीडिया)
रीमा सेन ने साल 2001 में फरदीन खान के साथ फिल्म हम हो गए आपके से हिंदी सिनेमा में कदम रखा। इसके बाद वह अलग-अलग तरह की फिल्मों में नजर आईं। इस फिल्म का निर्देशन मशहूर निर्देशक अगथियन ने किया था और इसे वीनस रिकॉर्ड्स एंड टेप्स के बैनर तले बनाया गया था। (सौ. सोशल मीडिया)
रीमा सेन प्रियदर्शन की कल्ट कॉमेडी फिल्म मालामाल वीकली में भी नजर आ चुकी है। जहां उनकी जोड़ी बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख के साथ बनी थी। इस फिल्म में ओम पुरी, परेश रावल, राजपाल यादव और अरबाज खान जैसे कलाकारों ने अहम भूमिका निभायी थी। (सौ. सोशल मीडिया)
अनुराग कश्यप की चर्चित फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर रीमा सेन के करियर की यादगार फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म में उन्होंने दुर्गा का किरदार निभाया था। इस भूमिका में उनका अंदाज पहले निभाए गए कई किरदारों से अलग था। फिल्म की कहानी और उनके संजीदा अभिनय ने दर्शकों के बीच इस किरदार को खास पहचान दिलाई।(सौ. डिजाइन फोटो)