

Ranveer Singh Deepika Padukone: बॉलीवुड के स्टार कपल रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। कपल ने अपने दूसरे बच्चे का स्वागत किया है। दीपिका ने 19 सितंबर को एक बेटी को जन्म दिया। रणवीर और दीपिका ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर फैंस के साथ यह खुशखबरी शेयर की है। जैसे ही यह खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर कपल को बधाइयां देने का सिलसिला शुरू हो गया।
रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें बच्चे के पैरों के निशान नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा है कि बेबी गर्ल का स्वागत है। दीपिका ने इसके साथ नजरबट्टू वाली इमोजी भी लगाई है। हालांकि, कपल ने अभी अपनी नवजात बेटी की कोई तस्वीर शेयर नहीं की है। कपल की पहले से एक बेटी है, जिसका नाम दुआ है। कपल के परिवार और करीबी लोगों के साथ-साथ फैंस भी इस खबर से बेहद खुश हैं।
दीपिका और रणवीर की पोस्ट सामने आते ही बॉलीवुड सेलेब्स ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। कृति सेनन ने कमेंट करते हुए लिखा कि दोनों को बधाई और दुआ के पास अब एक छोटी बहन है। उन्होंने इसे बड़ा आशीर्वाद बताया। वहीं सोनम कपूर ने भी कपल को बधाई दी और इसे शानदार सपना बताया। हुमा कुरैशी, सोनू सूद, एमी विर्क समेत कई अन्य सितारों ने भी कमेंट कर रणवीर और दीपिका को दूसरी बार माता-पिता बनने की शुभकामनाएं दी हैं।
रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की दोनों बेटियों के जन्म को लेकर एक खास संयोग भी देखने को मिल रहा है। उनकी पहली बेटी दुआ का जन्म 8 सितंबर 2024 को गणेश चतुर्थी के ठीक एक दिन बाद हुआ था। अब दूसरी बेटी का जन्म भी सितंबर में गणेशोत्सव के दौरान हुआ है।
खास बात यह है कि दीपिका पादुकोण डिलीवरी से ठीक एक दिन पहले अपने पति रणवीर सिंह और सास-ससुर के साथ मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर पहुंची थीं। परिवार ने बप्पा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया था। इसके अगले ही दिन कपल ने अपनी दूसरी बेटी के जन्म की खुशखबरी फैंस के साथ शेयर की।