रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ की रिलीज डेट बदली, अब इस दिन दिखेगी शिवानी शिवाजी रॉय की दहाड़

Rani Mukerji Mardaani 3: रानी मुखर्जी की मर्दानी 3 की रिलीज डेट बदल दी गई है। मर्दानी 3 अब 30 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। शिवानी शिवाजी रॉय एक बार फिर अपराधियों के खिलाफ जंग लड़ती नजर आएंगी।
Rani Mukerji Mardaani 3 release date changed
रानी मुखर्जी की मर्दानी 3 (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mardaani 3 Release Date: यश राज फिल्म्स की ‘मर्दानी’ के तीसरे भाग को लेकर फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। रानी मुखर्जी स्टारर ‘मर्दानी 3’ की रिलीज डेट बदल दी गई है। पहले यह फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी, लेकिन अब मेकर्स ने इसकी नई रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। यश राज फिल्म्स ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि ‘मर्दानी 3’ अब 30 जनवरी को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।

यश राज फिल्म्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का पहला पोस्टर भी साझा किया है, जिसमें रानी मुखर्जी अपने आइकॉनिक किरदार शिवानी शिवाजी रॉय के रूप में बेहद दमदार अंदाज में नजर आ रही हैं। पोस्टर में उनका सख्त लुक और आंखों में दिखता गुस्सा साफ संकेत देता है कि इस बार भी वह अपराधियों के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ने वाली हैं। पोस्टर में लापता लड़कियों को बचाने की जंग की झलक भी देखने को मिलती है, जिससे फिल्म की गंभीर और संवेदनशील थीम का अंदाजा लगाया जा सकता है।

सोलो फीमेल-लीड एक्शन फिल्म

‘मर्दानी’ हिंदी सिनेमा की उन चुनिंदा फ्रेंचाइजियों में से एक है, जो एक सोलो फीमेल-लीड एक्शन फिल्म के तौर पर पिछले एक दशक से दर्शकों के दिलों पर राज कर रही है। रानी मुखर्जी द्वारा निभाया गया शिवानी शिवाजी रॉय का किरदार निडर, ईमानदार और न्याय के लिए किसी भी हद तक जाने वाली पुलिस अफसर का प्रतीक बन चुका है। ‘मर्दानी 3’ में भी वह एक बार फिर खतरनाक और क्रूर अपराधियों से भिड़ती नजर आएंगी।

फिल्म की कहानी

इस बार फिल्म की कहानी देश में लगातार लापता हो रही लड़कियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो समाज की एक बेहद डरावनी और सच्ची तस्वीर पेश करती है। इससे पहले ‘मर्दानी’ में ह्यूमन ट्रैफिकिंग जैसे गंभीर मुद्दे को उठाया गया था, वहीं ‘मर्दानी 2’ में एक साइको अपराधी की खौफनाक मानसिकता को दिखाया गया था। ऐसे में तीसरे भाग से भी दर्शकों को एक मजबूत और झकझोर देने वाली कहानी की उम्मीद है।

रानी मुखर्जी की किरदार

फिल्म का निर्देशन अभिराज मीनावाला ने किया है, जबकि इसे आदित्य चोपड़ा ने प्रोड्यूस किया है। रानी मुखर्जी पहले ही कई इंटरव्यू में कह चुकी हैं कि ‘मर्दानी’ उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय पुलिस बल को सलाम करने का जरिया है। उन्होंने कहा था कि पुलिस का किरदार निभाना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है, क्योंकि देशभर में पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सुरक्षा करते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com