

Highlights
'रामायणम्' में साई पल्लवी को सीता के योद्धा रूप में दिखाने पर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया आई है।
डायरेक्टर नितेश तिवारी ने सीता के एक्शन सीक्वेंस के पीछे की वजह बताई है।
उन्होंने 'अद्भुत रामायण' और ओड़िया 'बिलंका रामायण' का हवाला दिया।
Nitesh Tiwari On Sita Warrior Avatar: नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायणम्: राइज ऑफ अ लीजेंड' रिलीज के बाद से ही लगातार चर्चा में है। फिल्म में रणबीर कपूर के राम और यश के रावण वाले किरदार के साथ साई पल्लवी की सीता की भूमिका भी दर्शकों का ध्यान खींच रही है। खासतौर पर सीता को एक्शन सीक्वेंस करते और हथियार चलाते दिखाने के फैसले पर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है।
कुछ लोगों ने इस नए अंदाज की तारीफ की, तो कुछ ने धार्मिक ग्रंथों में वर्णित सीता के स्वरूप से इसकी तुलना करते हुए सवाल उठाए। अब निर्देशक नितेश तिवारी ने खुद बताया है कि उन्होंने सीता को योद्धा के रूप में दिखाने का फैसला क्यों किया। निर्देशक नितेश तिवारी के मुताबिक, रामायण की कहानी के अलग-अलग संस्करणों में सीता के कई रूप देखने को मिलते हैं।
नितेश तिवारी ने अपने रचनात्मक फैसले के समर्थन में संस्कृत के 'अद्भुत रामायण' और 15वीं सदी की ओड़िया 'बिलंका रामायण' का जिक्र किया। इन ग्रंथों में सीता को केवल सहनशीलता और त्याग की प्रतिमूर्ति के तौर पर नहीं, बल्कि शक्तिशाली योद्धा के रूप में भी प्रस्तुत किया गया है। एक इंटरव्यू में तिवारी ने बताया कि सीता की कहानी सिर्फ उनके संघर्ष और कठिनाइयों को सहने तक सीमित नहीं है। अलग-अलग रामायण में उनके व्यक्तित्व के कई ऐसे पहलू सामने आते हैं, जो उनकी अपार शक्ति को दर्शाते हैं।
नितेश तिवारी ने एक ऐसी कथा का भी उल्लेख किया, जिसमें भगवान राम के असहाय हो जाने पर सीता रौद्र रूप धारण करती हैं। निर्देशक के मुताबिक, इन कथाओं में सीता महाकाली का रूप लेकर हजार सिरों वाले राक्षस राजा सहस्र रावण का वध करती हैं। उन्होंने कहा कि ये प्रसंग सीता की एक अलग छवि पेश करते हैं, जिसमें वह सक्रिय योद्धा और ब्रह्मांडीय शक्ति का अवतार हैं। इसी नजरिए को ध्यान में रखते हुए फिल्म में उनके किरदार को एक्शन करते हुए दिखाया गया है।
सीता के इस चित्रण को लेकर अभिनेता मुकेश खन्ना ने भी आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि यह प्रस्तुति वाल्मीकि रामायण में वर्णित कथा से अलग है। वहीं, नितेश तिवारी का मानना है कि रामायण के अलग-अलग संस्करणों में सीता के व्यक्तित्व और शक्तियों के विविध रूप मिलते हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म को दो हिस्सों में बनाने की योजना है। पहला पार्ट 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुआ, जबकि दूसरा पार्ट 2028 में आने वाला है।