राम गोपाल वर्मा का बॉलीवुड पर तंज, बोले- इंडस्ट्री को हजम नहीं हो रही धुरंधर की कामयाबी

Ranveer Singh Dhurandhar: रणवीर सिंह की धुरंधर की सफलता के बावजूद बॉलीवुड की चुप्पी पर राम गोपाल वर्मा ने तंज कसा है। उन्होंने लिखा कि इंडस्ट्री के कई लोग इस फिल्म की कामयाबी हजम नहीं कर पा रहे हैं।
Ram Gopal Varma takes a dig at Bollywood, says the industry can't digest the success of the talented newcomer
राम गोपाल वर्मा का बॉलीवुड पर तंज
Updated on

Ram Gopal Varma On Dhurandhar: रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ की जबरदस्त सफलता के बावजूद बॉलीवुड इंडस्ट्री की खामोशी अब चर्चा का विषय बन गई है। जहां फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है और दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज बना हुआ है, वहीं कई बड़े सेलेब्रिटीज और फिल्ममेकर्स की ओर से इसकी खुलकर तारीफ देखने को नहीं मिली। इसी चुप्पी को लेकर अब मशहूर निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने बॉलीवुड पर सीधा तंज कसा है।

राम गोपाल वर्मा शुरू से ही ‘धुरंधर’, इसके निर्देशक आदित्य धर और पूरी स्टार कास्ट की खुलकर तारीफ करते रहे हैं। अब उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए इंडस्ट्री के रवैये पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि बॉलीवुड के कई लोगों को फिल्म की ऐतिहासिक सफलता हजम नहीं हो रही है।

राम गोपाल वर्मा ने कही ये बात

राम गोपाल वर्मा ने लिखा कि जब भी कोई बेहद दमदार और बड़ी हिट फिल्म आती है, तो इंडस्ट्री के कई लोग उसे नजरअंदाज करना पसंद करते हैं। वजह यह होती है कि उन्हें लगता है कि वे उस स्तर की फिल्म बना ही नहीं पाएंगे। ऐसे में वह फिल्म उनके लिए एक खतरे की तरह बन जाती है। उन्होंने कहा कि यह बात खासतौर पर उन तथाकथित पैन-इंडिया फिल्मों पर लागू होती है, जो पहले से तय पुराने फॉर्मूले पर बनाई जा रही हैं और जिन्हें अब ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों ने अप्रासंगिक कर दिया है।

राम गोपाल वर्मा ने की धुरंधर’ की तुलना

राम गोपाल वर्मा ने अपनी बात समझाने के लिए एक दिलचस्प उदाहरण भी दिया। उन्होंने ‘धुरंधर’ की तुलना एक बड़े और डरावने कुत्ते से की, जो हर प्रोडक्शन ऑफिस में चुपचाप घूमता रहेगा। उन्होंने लिखा कि भले ही लोग उसका नाम लेने से बचें, लेकिन वह उनके दिमाग से निकलने वाला नहीं है। यह फिल्म उन सभी मेकर्स के लिए डरावना सपना बन जाएगी, जो अब भी भारी VFX, महंगे सेट, आइटम सॉन्ग और हीरो पूजा वाले पुराने टेम्पलेट पर भरोसा करते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com