Rajpal Yadav Debt: आर्थिक तंगी पर छलका राजपाल यादव का दर्द, बोले- जिनका पैसा बकाया है, घर पहुंचा दूंगा

Rajpal Yadav House Auction: राजपाल यादव ने दावा किया कि पिछले 13 साल में उन्हें 200-250 करोड़ रुपये का निजी नुकसान हुआ। कर्ज विवाद के बीच उन्होंने कहा कि जिन लोगों का पैसा बकाया है, वह उसे चुकाएंगे।
Rajpal Yadav House Auction
राजपाल यादव(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों आर्थिक संकट और कर्ज विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। चेक बाउंस मामले और बैंक की कार्रवाई के बीच अभिनेता ने दावा किया है कि पिछले 13 साल में उन्हें करीब 200 से 250 करोड़ रुपये का निजी नुकसान हुआ है। अभिनेता ने कहा कि वह जिम्मेदार व्यक्ति हैं और जिन लोगों का पैसा उनके ऊपर बकाया है, उसे चुकाने की पूरी कोशिश करेंगे।

राजपाल यादव ने अपनी आर्थिक स्थिति पर बात करते हुए कहा कि उन्होंने जिन लोगों से पैसे लिए हैं, उन्हें वह चुका चुके हैं या जल्द ही चुका देंगे। उन्होंने कहा कि अगर उन्होंने 200 लोगों से भी उधार लिया है, तो वह सभी का पैसा वापस करेंगे और जरूरत पड़ी तो उनके घर तक जाकर पैसा पहुंचाएंगे। अभिनेता ने यह भी कहा कि आर्थिक परेशानियां उनके पूरे करियर या उनकी पहचान को तय नहीं कर सकतीं।

13 साल में 200 से 250 करोड़ का नुकसान

राजपाल यादव ने बताया कि 2013 से 2016 के बीच उन्हें सबसे ज्यादा आर्थिक नुकसान हुआ। उनके मुताबिक, इस दौरान उनके कम से कम 50 विदेशी टूर छूट गए और उनकी फीस में भी भारी गिरावट आई। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जहां उन्हें 100 रुपये मिलने चाहिए थे, वहां कई बार सिर्फ 10 रुपये मिले। हालांकि, अभिनेता ने कहा कि वह कला के विद्यार्थी हैं और उनके लिए पैसे से ज्यादा अपने काम में परफेक्शन मायने रखता है।

बैंक ने पैतृक घर पर की कार्रवाई

राजपाल यादव पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के कर्ज को लेकर भी कार्रवाई चल रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक ने करीब 16.61 करोड़ रुपये के बकाया लोन के मामले में शाहजहांपुर स्थित उनके पैतृक घर पर नोटिस चस्पा किया है। बैंक की ओर से संपत्ति की नीलामी की प्रक्रिया भी चर्चा में है।

चेक बाउंस केस में जा चुके हैं जेल

राजपाल यादव से जुड़ा चेक बाउंस विवाद 2010 से चला आ रहा है। उन्होंने फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म 2012 में रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही। इसके बाद चेक बाउंस को लेकर कानूनी विवाद शुरू हुआ। फरवरी 2026 में भी राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था और करीब 12 दिन जेल में रहे थे।

Rajpal Yadav House Auction
CJP के विरोध प्रदर्शन पर सुरेश ओबेरॉय ने जताई नाराजगी, बॉलीवुड सेलेब्स को दी नसीहत, बोले- मुझे नहीं पता तो...

कॉमेडी से बनाई खास पहचान

राजपाल यादव अक्षय कुमार की ‘हैवान’ और सलमान खान की ‘SVC 63’ जैसी फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने ‘हंगामा’, ‘गरम मसाला’, ‘चुप चुप के’ और ‘भूल भुलैया’ जैसी फिल्मों में अपने कॉमिक अंदाज से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। प्रियदर्शन के साथ उन्होंने कई फिल्मों में काम किया। उन्हें उत्तर प्रदेश का प्रतिष्ठित यश भारती सम्मान भी मिल चुका है।

Navbharat Live
navbharatlive.com