‘करण अर्जुन’ से ‘कोई मिल गया’ तक Rajesh Roshan ने दिए अनगिनत हिट गाने, संगीत की दुनिया में रचा इतिहास

Rajesh Roshan Birthday: राजेश रोशन ने पांच दशकों में बॉलीवुड को कई यादगार गाने दिए। उन्होंने ही अमिताभ बच्चन से पहली बार फिल्मी गाना गवाया था और ‘जूली’ से लेकर ‘कृष’ तक संगीत की दुनिया में छाए रहे।
Bollywood Legendary Composer Rajesh Roshan Birthday Special Story Amitabh Bachchan First Song
राजेश रोशन (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rajesh Roshan Birthday Special Story: मशहूर संगीतकार राजेश रोशन का जन्म 24 मई 1955 को मुंबई में हुआ था। राजेश रोशन आज अपना 71वां जन्मदिन मना रहे हैं। उन्होंने अपने संगीत से फिल्मों को खास बनाया। साथ ही कई कलाकारों के करियर में भी अहम भूमिका निभाई। बहुत कम लोग जानते हैं कि हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन को पहली बार फिल्म में गाना गाने का मौका भी राजेश रोशन ने ही दिया था। पांच दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने रोमांटिक गानों से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।

राजेश रोशन का पूरा नाम राजेश रोशनलाल नागरथ है। वह मशहूर संगीतकार रोशनलाल नागरथ के बेटे हैं। उनके बड़े भाई राकेश रोशन हिंदी सिनेमा के सफल अभिनेता, निर्माता और निर्देशक हैं, जबकि ऋतिक रोशन उनके भतीजे हैं। राजेश रोशन जब केवल 12 साल के थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया था। पिता के जाने के बाद परिवार पर मुश्किल समय आया, लेकिन उनकी मां इरा रोशन ने बच्चों को संभाला और संगीत से उनका रिश्ता बनाए रखा।

राजेश रोशन का सपना

शुरुआत में राजेश रोशन का सपना संगीतकार बनने का नहीं था। वह सरकारी नौकरी करना चाहते थे लेकिन उनकी मां संगीत सीखने के लिए उस्ताद फैयाज अहमद खान के पास जाया करती थीं और राजेश भी उनके साथ जाते थे। धीरे-धीरे संगीत में उनकी रुचि बढ़ने लगी। बाद में उन्होंने संगीत की शिक्षा गंभीरता से ली और मशहूर संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल के साथ सहायक के तौर पर काम करना शुरू किया। करीब पांच साल तक उनके साथ काम करके राजेश रोशन ने संगीत की बारीकियां सीखीं।

राजेश रोशन का करियर

बतौर संगीतकार राजेश रोशन ने अपने करियर की शुरुआत साल 1974 में फिल्म 'कुंवारा बाप' से की। इस फिल्म का गाना 'सज रही गली' काफी पसंद किया गया। हालांकि उन्हें असली पहचान 1975 में रिलीज हुई फिल्म 'जूली' से मिली। इस फिल्म के गाने 'दिल क्या करे', 'ये रातें नई पुरानी' और 'माई हार्ट इज बीटिंग' आज भी लोगों की जुबान पर हैं। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर अवॉर्ड भी मिला। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

राजेश रोशन ने सुनाया दिलचस्प किस्सा

राजेश रोशन से जुड़ा सबसे दिलचस्प किस्सा अमिताभ बच्चन से जुड़ा है। साल 1979 में फिल्म 'मिस्टर नटवरलाल' बन रही थी। उसी दौरान राजेश रोशन ने अमिताभ बच्चन से एक गाना गाने की बात कही। अमिताभ ने इससे पहले कभी फिल्मों में गाना नहीं गाया था। राजेश रोशन ने उनसे 'मेरे पास आओ मेरे दोस्तों' गवाया। यह गाना बच्चों और बड़ों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ। इसके बाद अमिताभ बच्चन ने कई फिल्मों में अपनी आवाज दी, लेकिन उनके फिल्मी गायन की शुरुआत राजेश रोशन की वजह से ही हुई थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com