ऑस्कर विजेता रसेल क्रो संग स्क्रीन शेयर करेंगी प्रियंका, हॉलीवुड में फिर दिखेगा जलवा

Priyanka Chopra New Movie: ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा अब ऑस्कर विनर एक्टर रसेल क्रो के साथ आने वाली साइंस-फिक्शन थ्रिलर फिल्म 'ब्लूफ्लाई' में मुख्य किरदार निभाती हुई नजर आएंगी।
Priyanka Chopra New Movie
प्रियंका चोपड़ा(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Priyanka Chopra Russell Crowe Movie: भारतीय सिनेमा से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खास पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा के हाथ एक और बड़ा हॉलीवुड प्रोजेक्ट लगा है। ग्लोबल स्टेज पर अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाने के बाद अब वह ऑस्कर विजेता फेमस एक्टर रसेल क्रो के साथ स्क्रीन शेयर करने जा रही हैं। दोनों दिग्गज कलाकार आने वाली हाई-वोल्टेज साइंस-फिक्शन थ्रिलर फिल्म ‘ब्लूफ्लाई’ में मुख्य किरदार निभाते हुए दिखाई देंगे। इस खबर के सामने आते ही दुनिया भर में मौजूद उनके फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। हॉलीवुड के गलियारों में प्रियंका की यह नई उपलब्धि उनके मजबूत होते कदमों को साफ तौर पर दर्शाती है।

फिल्म ‘ब्लूफ्लाई’ की कहानी दर्शकों को एक अलग ही रोमांचक सफर पर ले जाने का वादा करती है। इस फिल्म का ताना-बाना मीडिल अफ्रीका के देश कांगो के बेहद घने और खतरनाक जंगलों के बीच पिरोया गया है। कहानी की मुख्य पटकथा संयुक्त राष्ट्र के एक ऐसे अनुवादक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो गहरे मानसिक सदमे से गुजर रहा है। उसे एक बेहद गोपनीय और संवेदनशील मिशन की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। इस मिशन का मुख्य मकसद एक दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान के अवशेष खोजना है, जिसका सरकारी दस्तावेजों में कोई औपचारिक रिकॉर्ड मौजूद नहीं है।

जानलेवा मिशन और उग्रवादियों के साये में आगे बढ़ती टीम

कहानी में मोड़ तब आता है जब विशेष अभियानों की टीम नदी के रास्ते उग्रवादियों के नियंत्रण वाले बेहद खतरनाक इलाकों में प्रवेश करती है। विमान के मलबे तक पहुंचने की इस जंग में पूरी टीम को धीरे-धीरे एक खौफनाक सच्चाई का अहसास होता है। उन्हें समझ आता है कि इस रहस्यमयी राज से पर्दा हटाना उनकी अपनी जिंदगी के लिए सबसे बड़ा खतरा बन सकता है।

‘प्रेडेटर्स’ जैसी चर्चित फिल्में बना चुके निर्देशक निमरोड एंटल इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का निर्देशन कर रहे हैं। वहीं इसकी कहानी को डेविड फ्रिजेरियो, विलियम यूबैंक और कार्लिले यूबैंक ने मिलकर तैयार किया है।

Priyanka Chopra New Movie
Awarapan 2: रिलीज से ठीक पहले बदला ‘आवारापन 2’ का गणित, जानिए सिनेमाघरों में दर्शक क्या देख पाएंगे

इस साल के अंत में शुरू होगी शूटिंग

इस चर्चित साइंस-फिक्शन थ्रिलर की शूटिंग इसी साल के अंत तक ऑस्ट्रेलिया के खूबसूरत गोल्ड कोस्ट क्षेत्र में शुरू होने की संभावना जताई गई है। फिल्म को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बड़े पैमाने पर पेश करने की तैयारी है। प्रियंका चोपड़ा हाल के दिनों में ‘द ब्लफ’ और ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ जैसी अंतरराष्ट्रीय फिल्मों को लेकर चर्चा में रही हैं।

टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के दौरान इसके प्री-सेल्स राइट्स की बिक्री प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जबकि हाइलैंड फिल्म ग्रुप के पास इसके ग्लोबल राइट्स मौजूद हैं। बता दें कि प्रियंका चोपड़ा भारतीय सिनेमा में एसएस राजामौली की मेगा-एक्शन फिल्म ‘वाराणसी’ में महेश बाबू के साथ दिखाई देने वाली हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com