Preity Zinta Reaction: छात्रों के समर्थन में उतरीं प्रीति जिंटा, सोनम वांगचुक से की अनशन खत्म करने की अपील

Preity Zinta Student Protest: प्रीति जिंटा ने सोशल मीडिया पर शिक्षा सुधार की मांग कर रहे छात्रों का समर्थन किया। उन्होंने सरकार से बातचीत की उम्मीद जताते हुए सोनम वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील की।
Preity Zinta Sonam Wangchuk and Student support NEET protest
प्रीति जिंटा (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Preity Zinta Support Students: नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर देशभर में चल रहे छात्र आंदोलनों को अब बॉलीवुड से भी लगातार समर्थन मिल रहा है। कई कलाकारों के बाद अब अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने भी छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में अपनी आवाज उठाई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए शिक्षा सुधार की लड़ाई का समर्थन किया।

प्रीति जिंटा ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्हें विश्वास है कि सरकार जल्द ही सोनम वांगचुक और छात्र संगठनों के साथ सार्थक बातचीत शुरू करेगी, ताकि इस मुद्दे का समाधान निकाला जा सके। उन्होंने लिखा कि सोनम, कृपया अपना अनशन खत्म करें। आपकी सेहत भी उतनी ही जरूरी है, जितनी यह लड़ाई। आप और छात्र भारत और हमारे युवाओं के भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कई यूजर्स प्रीति की अपील की सराहना कर रहे हैं।

शिक्षा सुधार की लड़ाई को बताया जरूरी

अपने पोस्ट में प्रीति जिंटा ने आगे लिखा कि वह देश की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की इस लड़ाई में हर छात्र और सोनम वांगचुक के साथ खड़ी हैं। उन्होंने सभी छात्रों के साहस और संघर्ष की सराहना करते हुए लिखा कि उन्हें उम्मीद है कि सभी को और ज्यादा हिम्मत मिलेगी। अपने संदेश का समापन उन्होंने 'जय हिंद' लिखकर किया। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई फिल्मी हस्तियां छात्रों के समर्थन में अपनी राय रख चुकी हैं।

28 जून से जारी है सोनम वांगचुक का अनशन

सोनम वांगचुक ने 28 जून से चल रहे आंदोलन के समर्थन में भूख हड़ताल शुरू की थी। लगातार अनशन के चलते उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, उन्होंने अपना अनशन जारी रखा। बाद में दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदांता अस्पताल शिफ्ट करने का निर्देश दिया।

प्रीति जिंटा का वर्क फ्रंट

वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रीति जिंटा लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। वह फिल्म 'बंटवारा 1947' में नजर आएंगी, जो 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म में सनी देओल मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि निर्देशन की कमान राजकुमार संतोषी ने संभाली है। करीब आठ साल बाद प्रीति की वापसी को लेकर उनके फैंस भी काफी उत्साहित हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com