मॉडलिंग कर रही थीं प्रीति झंगियानी, अचानक बदली किस्मत, बिना ऑडिशन बन गईं मोहब्बतें की हीरोइन

Preeti Jhangiani Career: प्रीति झंगियानी ने मॉडलिंग से करियर शुरू किया और फिल्मों में आने की कोई खास योजना नहीं थी। यशराज फिल्म्स से अचानक आए फोन के बाद उन्हें ‘मोहब्बतें’ में काम मिला।
Preeti Jhangiani Birthday
प्रीति झंगियानी(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Preeti Jhangiani Birthday Story: बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति झंगियानी का जन्म 18 अगस्त 1980 को मुंबई के एक सिंधी परिवार में हुआ था। प्रीति झंगियानी आज अपना 46वां जन्मदिन मना रही हैं। फिल्मों में आने से पहले उन्होंने मॉडलिंग की। साल 1997 में राजश्री प्रोडक्शंस के म्यूजिक एल्बम ‘ये है प्रेम’ में नजर आने के बाद उन्हें पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने कई विज्ञापनों में भी काम किया। फिल्मों में उनकी शुरुआत बॉलीवुड से नहीं, बल्कि दक्षिण भारतीय सिनेमा से हुई। साल 1999 में उन्होंने मलयालम फिल्म ‘मजहविल’ में काम किया। इसके बाद वह तेलुगु फिल्म ‘थम्मुडु’ में भी नजर आईं।

प्रीति की जिंदगी में असली बदलाव तब आया, जब उन्हें यशराज फिल्म्स के ऑफिस से अचानक फोन आया। उन्हें आदित्य चोपड़ा से मिलने के लिए बुलाया गया। खास बात यह थी कि उन्होंने ‘मोहब्बतें’ के लिए कोई ऑडिशन नहीं दिया था। साल 2000 में रिलीज हुई ‘मोहब्बतें’ में प्रीति ने किरण का किरदार निभाया था। फिल्म में उनके साथ शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, जिमी शेरगिल, उदय चोपड़ा, शमिता शेट्टी और किम शर्मा जैसे कलाकार थे। जिमी शेरगिल के किरदार करण के साथ उनकी प्रेम कहानी को दर्शकों ने खूब पसंद किया।

पहली ही फिल्म से मिली बड़ी पहचान

शाहरुख खान स्टारर ‘मोहब्बतें’ की सफलता ने प्रीति झंगियानी को रातोंरात स्टार बना दिया। उनकी मासूमियत और सादगी भरी स्क्रीन प्रेजेंस दर्शकों को पसंद आई। उन्हें आईफा अवॉर्ड में ‘स्टार डेब्यू ऑफ द ईयर-फीमेल’ का पुरस्कार भी मिला।

इसके बाद उन्होंने ‘ना तुम जानो ना हम’, ‘आवारा पागल दीवाना’, ‘वाह! तेरा क्या कहना’, ‘एलओसी कारगिल’ और अक्षय कुमार स्टारर ‘आन: मेन एट वर्क’ जैसी फिल्मों में काम किया। उन्होंने हिंदी के अलावा तेलुगु, तमिल, कन्नड़, पंजाबी, बंगाली और राजस्थानी फिल्मों में भी अभिनय किया।

Preeti Jhangiani Birthday
गैराज में कारों पर पेंट करते थे गुलजार, बिमल रॉय ने पहचानी छिपी प्रतिभा, ऐसे बन गए बॉलीवुड के महान गीतकार

शादी के बाद परिवार को दिया समय

प्रीति झंगियानी ने 23 मार्च 2008 को अभिनेता परविन डबास से शादी की। दोनों के दो बेटे हैं। शादी के बाद उन्होंने परिवार को समय देने के लिए फिल्मों से कुछ दूरी बनाई, लेकिन अभिनय से पूरी तरह नाता नहीं तोड़ा। साल 2017 में उनकी राजस्थानी फिल्म ‘तावड़ो: द सनलाइट’ आई, जिसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। बाद में वह वेब सीरीज ‘कफस’ और 2025 की फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ में भी नजर आईं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com