

Prabhas Fauzi New Poster: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार प्रभास के फैंस के लिए स्वतंत्रता दिवस का अवसर खुशियों की दोहरी सौगात लेकर आया। लंबे समय से जारी अटकलों को विराम देते हुए मेकर्स ने स्वतंत्रता सेनानी के रूप में प्रभास का पहला लुक प्रस्तुत किया है। फिल्म का यह नया पोस्टर न केवल सिनेमाप्रेमी बल्कि सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त चर्चा बटोर रहा है।
हनु राघवपुडी के डायरेक्शन में बन रही पीरियड एक्शन ड्रामा फिल्म 'फौजी' 3 दिसंबर 2026 को ग्लोबल स्तर पर रिलीज होने जा रही है। माइथ्री मूवी मेकर्स और टी-सीरीज के बैनर तले बन रही यह बड़े बजट की सिनेमाई कृति हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और बंगाली सहित कुल छह भारतीय भाषाओं में एक साथ दर्शकों तक पहुंचेगी। फिल्म का ताना-बाना ब्रिटिश हुकूमत के दौर और स्वतंत्रता संग्राम की कहानी पर रचा गया है।
सामने आए नए पोस्टर में प्रभास का अब तक का सबसे उग्र और अलग अंदाज नजर आ रहा है। वे खून के छींटों वाली सफेद बनियान और धोती पहने, हाथों में रिवॉल्वर थामे आगे बढ़ते दिखाई देते हैं।
पोस्टर के एक तरफ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की शांत मुद्रा और दूसरी तरफ प्रभास का हिंसक रूप भारत की आजादी की लड़ाई में अहिंसा और सशस्त्र क्रांति के परस्पर विरोधी रास्तों के मिलन का इशारा करता है।
पोस्टर पर दर्ज संस्कृत श्लोक और '1932 से मोस्ट वांटेड' का टैगलाइन स्वतंत्रता आंदोलन के दौर की उथल-पुथल को उजागर करता है। 'अ बटालियन हू फाइट्स अलोन' टैगलाइन यह साफ करती है कि प्रभास फिल्म में एक ऐसे जांबाज की भूमिका निभा रहे हैं जो अकेला ही पूरी सेना के बराबर है। इतिहास में कम फेमस रहे वीरों और उनके संघर्षों की कहानी के जरिए से मुख्यधारा में लाने की कोशिश की गई है।
फौजी के पोस्टर जारी होने के साथ ही प्रभास ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की प्रोफाइल तस्वीर भी बदल दी। लगभग 7 सालों से लगी फिल्म 'बाहुबली' की तस्वीर को हटाकर उन्होंने 'फौजी' का नया पोस्टर लगाया है।
इस कदम ने इंटरनेट पर फैंस के उत्साह को कई गुना बढ़ा दिया है। 3 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही फिल्म फौजी दर्शकों को एक्शन और देशभक्ति का अनूठा अनुभव प्रदान करने का वादा करती है।