अटल बिहारी वाजपेयी के किरदार के लिए किताबें पढ़ीं और भाषण सुने, पंकज त्रिपाठी ने बताई पर्दे के पीछे की कहानी

Pankaj Tripathi On Main Atal Hoon: पंकज त्रिपाठी ने खुलासा किया कि 'मैं अटल हूं' में अटल बिहारी वाजपेयी का किरदार निभाना उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने बताया कि वह मिमिक्री में अच्छे नहीं है।
Pankaj Tripathi Main Atal Hoon Atal Bihari Vajpayee Biopic
पंकज त्रिपाठी (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Pankaj Tripathi Atal Bihari Vajpayee Biopic: बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी अपनी दमदार अदाकारी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में कई चुनौतीपूर्ण किरदार निभाए हैं, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की बायोपिक 'मैं अटल हूं' उनके लिए सबसे मुश्किल अनुभवों में से एक रही। हाल ही में शेखर सुमन के चैट शो 'शेखर टुनाइट' में बातचीत के दौरान पंकज त्रिपाठी ने बताया कि इस किरदार को निभाने के लिए उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ी।

पंकज त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने फिल्म की तैयारी के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी पर लिखी कई किताबें पढ़ीं। इसके अलावा उन्होंने उनके पुराने भाषणों को बार-बार सुना और उनकी विचारधारा को समझने की कोशिश की। अभिनेता ने कहा कि केवल उनके बोलने का तरीका सीख लेना काफी नहीं था, बल्कि उनके व्यक्तित्व की गहराई को समझना भी उतना ही जरूरी था।

मैं मिमिक्री में बहुत खराब हूं

बातचीत के दौरान पंकज त्रिपाठी ने मुस्कुराते हुए स्वीकार किया कि वह मिमिक्री करने में बिल्कुल अच्छे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यही वजह थी कि अटल बिहारी वाजपेयी जैसे लोकप्रिय नेता की आवाज, हाव-भाव और बोलने की शैली को निभाना उनके लिए आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि मेरे लिए सिर्फ आवाज की नकल करना ही चुनौती नहीं थी। असली चुनौती उनके विचारों, भावनाओं और व्यक्तित्व को समझकर उसे पर्दे पर जीवंत करना था।

पहले दिन की शूटिंग ने बढ़ा दी थी घबराहट

पंकज त्रिपाठी ने बताया कि फिल्म के ट्रेलर में दिखाया गया एक अहम सीन उनकी शूटिंग के पहले दिन फिल्माया गया था। जब उन्होंने बाद में वही सीन ट्रेलर में देखा तो वह काफी घबरा गए। उन्होंने कहा कि उस वक्त उन्हें लगा कि मेकर्स ने शुरुआती शूट वाला सीन ट्रेलर में क्यों शामिल कर दिया। हालांकि समय के साथ उन्हें एहसास हुआ कि किसी भी महान व्यक्ति की पहचान केवल उसके चेहरे या आवाज से नहीं, बल्कि उसकी सोच और जीवन यात्रा से होती है।

अटल जी के निजी व्यक्तित्व को समझना था मुश्किल

अभिनेता ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के सार्वजनिक जीवन को तो सभी जानते हैं, लेकिन उनके निजी विचारों और भावनाओं को समझना सबसे बड़ी चुनौती थी। उन्होंने कहा कि किसी भी बायोपिक में केवल बाहरी रूप अपनाना काफी नहीं होता, बल्कि उस व्यक्ति के संघर्ष, सोच और संवेदनाओं को महसूस करना जरूरी होता है। बता दें कि रवि जाधव के निर्देशन में बनी फिल्म 'मैं अटल हूं' 19 जनवरी 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com