‘ओ’ रोमियो’ को कोर्ट से मिली हरी झंडी, रिलीज पर रोक लगाने की याचिका कोर्ट ने की खारिज

Shahid Kapoor Film O Romeo Controversy: शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की फिल्म ‘ओ’ रोमियो’ को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। बॉम्बे सिटी सिविल कोर्ट ने रिलीज पर रोक लगाने की याचिका खारिज कर दी।
O Romeo Film Court Verdict Shahid Kapoor Triptii Dimri Bombay Civil Court film release
‘ओ’ रोमियो’ को कोर्ट से मिली हरी झंडी (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

O Romeo Film Court Verdict: शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर फिल्म ‘ओ’ रोमियो’ को लेकर मेकर्स और फैंस के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। बॉम्बे सिटी सिविल कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया है। 7 फरवरी को आए इस फैसले के साथ ही फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

कोर्ट ने यह फैसला एक लंबी और अहम सुनवाई के बाद सुनाया, जिसमें रचनात्मक अभिव्यक्ति के मौलिक अधिकार और निजता के अधिकार के बीच संतुलन पर विस्तार से विचार किया गया। अदालत ने साफ किया कि किसी फिल्म या कलात्मक कृति को रोकना तभी संभव है, जब उसके लिए ठोस और कानूनी आधार मौजूद हो।

किसने दायर की थी याचिका

यह याचिका दिवंगत हुसैन शेख की बेटी की ओर से दायर की गई थी। याचिकाकर्ता का दावा था कि फिल्म में उनके पिता की निजता और प्रतिष्ठा का उल्लंघन किया गया है। हालांकि कोर्ट ने इस दलील को खारिज करते हुए कहा कि निजता का अधिकार व्यक्तिगत होता है, जो व्यक्ति की मृत्यु के साथ ही समाप्त हो जाता है। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि निजता का अधिकार परिवार के सदस्यों को विरासत में नहीं मिलता और न ही इसका इस्तेमाल किसी फिल्म की रिलीज रोकने के लिए किया जा सकता है।

फिल्म को माना गया पूरी तरह काल्पनिक

अदालत ने यह भी नोट किया कि फिल्म में साफ तौर पर डिस्क्लेमर दिया गया है, जिसमें कहा गया है कि सभी पात्र काल्पनिक हैं और किसी वास्तविक व्यक्ति से समानता महज़ संयोग है। इसके अलावा, कोर्ट ने यह भी कहा कि फिल्म की घोषणा 2024 के अंत में ही सार्वजनिक हो चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद याचिका रिलीज से ठीक पहले दायर की गई। ऐसे में फिल्म पर रोक लगाने से निर्माताओं, कलाकारों और इससे जुड़े अन्य लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता।

ओ रोमियो के स्टार कास्ट

‘ओ रोमियो’ एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन विशाल भारद्वाज ने किया है। फिल्म को साजिद नाडियाडवाला प्रस्तुत कर रहे हैं और इसका प्रोडक्शन नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के बैनर तले हुआ है। फिल्म में शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी, नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया और फरीदा जलाल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वींस ऑफ मुंबई’ से प्रेरित है।

Navbharat Live
navbharatlive.com