

The Paradise Anjaana Anjaani Song Out: सुपरस्टार नानी की मच-अवेटेड फिल्म 'द पैराडाइज' को लेकर दर्शकों के बीच बना रोमांच अब चरम पर पहुंच चुका है। धमाकेदार टीजर और इससे पहले रिलीज हुए सुपरहिट गानों के बाद मेकर्स ने फिल्म का तीसरा सिंगल 'अंजाना अंजानी' का ऑडियो जारी कर दिया है।
श्रीकांत ओडेला के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म के इस नए गाने में एक बेहद भावुक और दिल को छू लेने वाला रोमांटिक अहसास देखने को मिल रहा है। इस गाने के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस का जबरदस्त रिस्पॉन्स देखने को मिल रहा है।
इस खूबसूरत गाने में एक्टर नानी और एक्ट्रेस कायडू लोहार की बेहद शानदार और नई केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। गाने के जरिए दोनों के रोल के बीच पनपते प्यार और उनकी ऑन-स्क्रीन बॉन्डिंग को दर्शाया गया है। इस रोमांटिक नंबर को फेमस संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर ने अपने बेहतरीन संगीत से सजाया है। वहीं गाने के बोल रितेश जी राव ने लिखे हैं। 'अंजाना अंजानी' को रितेश जी राव और गायिका सुब्लाशिनी ने अपनी सुरीली आवाज में गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है।
'द पैराडाइज' के एल्बम ने रिलीज से पहले ही नए रिकॉर्ड बनाने शुरू कर दिए है। इससे पहले आया फिल्म का पहला सॉन्ग 'आया शेर' यूट्यूब पर 200 मिलियन से ज्यादा व्यूज और लाखों लाइक्स हासिल कर एक बड़ा चार्टबस्टर बन चुका है।
वहीं दूसरा गाना 'येशनागुला' भी 119 मिलियन से ज्यादा व्यूज के साथ ट्रेंडिंग लिस्ट में अपनी जगह बनाए हुए है। इन गानों पर सोशल मीडिया रील्स की बाढ़ आ चुकी है, जो साफ बयां करता है कि दर्शक इस फिल्म के संगीत को कितना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले विशाल पैमाने पर बनी एक्टर नानी की फिल्म 24 सितंबर 2026 को हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पैनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम समेत कुल 8 भाषाओं में सिनेमाघरों में उतारी जाएगी।
फिल्म 'द पैराडाइज' के वैश्विक स्तर को देखते हुए ऐसी खबरें भी आ रही हैं कि मेकर्स ने इसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पेश करने के लिए हॉलीवुड स्टार रयान रेनॉल्ड्स से कॉन्टेक्ट किया है। अपनी स्टारकास्ट और बेहतरीन संगीत के दम पर यह फिल्म रिलीज से पहले ही एक बड़ा सांस्कृतिक त्योहार बनती नजर आ रही है।