

Masoom The New Generation Movie: मशहूर निर्देशक शेखर कपूर और एकेडमी अवॉर्ड-विनिंग म्यूजिक कंपोजर एआर रहमान ने अपनी आने वाली फिल्म 'मासूम: द न्यू जेनरेशन' के लिए हाथ मिलाया है। फिल्म में एआर रहमान न सिर्फ म्यूजिक कंपोज करेंगे बल्कि इस प्रोजेक्ट में को-प्रोड्यूसर के तौर पर भी शामिल होंगे। बता दें कि इससे पहले यह सुपरहिट जोड़ी 'एलिजाबेथ - द गोल्डन एज', 'बॉम्बे ड्रीम्स' और 'वाई द म्यूजिक' जैसे शानदार इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स पर एक साथ काम कर चुकी है।
'मासूम' की दुनिया में दोबारा लौटने के बारे में शेखर कपूर ने कहा, "काफी समय से मुझे लग रहा था कि 'मासूम' के विषयों को आज की दुनिया के नजरिए से दोबारा देखने की जरूरत है। आज के समय में परिवार, रिश्ते, पहचान के मायने काफी हद तक बदल गए हैं और रहमान में एक अनोखी खूबी है कि उनका संगीत सीधे कहानी की आत्मा और दर्शकों के दिलों तक पहुंच जाता है। इस सफर में उनका मेरे साथ होना इसे और भी खास बनाता है।"
'मासूम: द न्यू जेनरेशन' फिल्म में बतौर को-प्रोड्यूसर के तौर पर ए.आर. रहमान ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, 'शेखर के साथ काम करना हमेशा से ही एक शानदार अनुभव रहा है। वे कई मायनों में मेरे गुरु रहे हैं। जब उन्होंने इस फिल्म के बारे में बताया, तो मुझे लगा कि सिर्फ म्यूजिक तक ही सीमित न रहकर, इस प्रोजेक्ट में और भी ज्यादा गहराई से जुड़ना चाहिए। 'मासूम' में कुछ ऐसा है जो कभी पुराना नहीं होता। इस इमोशनल दुनिया को आज की नई पीढ़ी के लिए नए अंदाज में पेश करना बेहद रोमांचक और जरूरी है'।
दरअसल 'मासूम: द न्यू जेनरेशन' फिल्म शेखर कपूर की 1983 की मशहूर क्लासिक फिल्म 'मासूम' से प्रेरित एक नया और आज के जमाने के हिसाब से बनाया गया रूप है। शेखर कपूर के डायरेक्शन में बनी 'मासूम: द न्यू जेनरेशन' आज के नजरिए से पहचान, परिवार, प्यार और माइग्रेशन जैसे बदलते विचारों को दिखाएगी। साथ ही, यह उस इमोशनल पहलू को भी बरकरार रखेगी, जिसकी वजह से ये फिल्म हर जनरेशन के लोगों के दिलों को छू गई थी।
'मासूम: द न्यू जेनरेशन' फिल्म में कई बेहतरीन और जाने-माने कलाकार एक साथ नजर आएंगे, जिनमें नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी, मनोज बाजपेयी, नित्या मेनन और कावेरी कपूर शामिल हैं।