

Manoj Muntashir Adipurush Statement: साल 2023 में जब पौराणिक महाकाव्य रामायण पर आधारित फिल्म आदिपुरुष सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, तो उसे दर्शकों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा था। फिल्म के आधुनिक स्वरूप, कमजोर दृश्य प्रभावों और विवादित डायलॉग्स ने लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई थी। उस दौर में फिल्म का बचाव करने वाले जाने-माने गीतकार और डायलॉग्स लेखक मनोज मुंतशिर ने अब 3 साल बाद इस पूरे विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने स्वीकार किया है कि वह फिल्म उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी भूल साबित हुई और आज जब वह पीछे मुड़कर देखते हैं तो उन्हें अपने लिखे शब्दों पर बेहद शर्मिंदगी महसूस होती है। जब टीज़र और ट्रेलर जारी हुए, तभी से दर्शकों ने इस पर आपत्ति जताना शुरू कर दिया था। मनोज मुंतशिर ने बताया कि फिल्म के प्रदर्शन से करीब 6 महीने पहले ही विरोध की लहर शुरू हो चुकी थी। माहौल इतना तनावपूर्ण था कि उनकी पत्नी भी काफी डरी हुई थीं। उन्हें इस बात की चिंता सता रही थी कि मेकर्स का खुलकर सपोर्ट करने की वजह से मनोज खुद इस पूरे विरोध का मुख्य चेहरा बन जाएंगे।
शुरुआती दिनों में जब चारों तरफ आलोचनाएं हो रही थीं, तब लेखक को इस स्थिति को समझने में समय लगा। उन्होंने शेयर किया कि शुरुआती दो दिन वह बेहद निराश रहे और बाद में उन्हें एहसास हुआ कि फिल्म बनाना और फिर उसका गलत तरीके से बचाव करना उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी।
देशवासियों से अपनी भावनाएं जताते हुए उन्होंने कहा कि जो कुछ भी हुआ उसके लिए वह पूरे दिल से माफी मांगते हैं। आज जब वह अपने लिखे डायलॉग्स को दोबारा देखते हैं तो उन्हें समझ नहीं आता कि लिखते वक्त उनके दिमाग में क्या चल रहा था।
ओम राउत के निर्देशन में बनी फिल्म 'आदिपुरुष' भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में से एक मानी जाती थी। लगभग 600 करोड़ रुपये के बड़े बजट में तैयार हुई इस फिल्म में प्रभास, कृति सेनन, सैफ अली खान, सनी देओल और देवदत्त नागे जैसे बड़े कलाकारों ने मुख्य किरदार निभाए थे।
'आदिपुरुष' पौराणिक कथा को ज्यादा आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत करने की कोशिश दर्शकों को बिल्कुल पसंद नहीं आई। भारी जनविरोध और तीखी आलोचनाओं के बावजूद फिल्म ने दुनिया भर में लगभग 390 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, लेकिन यह दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाने में पूरी तरह नाकाम रही।