

Main Vaapas Aaunga Collection Day 12: फेमस डायरेक्टर इम्तियाज अली की नई फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' इस समय बॉक्स ऑफिस पर कुछ ऐसा ही अनोखा करिश्मा कर रही है। शुरुआती दिनों में फिल्म का प्रदर्शन बेहद सामान्य था, लेकिन अब इस फिल्म ने ऐसी रफ्तार पकड़ी है जिसने सभी को हैरान कर दिया है। सोशल मीडिया पर दर्शकों से मिल रही जबरदस्त तारीफों ने 'मैं वापस आऊंगा' के लिए संजीवनी का काम किया है।
शुरुआती वीकेंड में धीमी रफ्तार से चलने वाली इस फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' ने अब बॉक्स ऑफिस के पुराने ट्रेंड्स को पूरी तरह से चुनौती दे दी है। दूसरे शुक्रवार के बाद से ही फिल्म के कलेक्शन का ग्राफ लगातार ऊपर की ओर बढ़ रहा है। देश के बड़े शहरों में फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' के शो न सिर्फ बढ़ाए गए हैं, बल्कि कई जगहों पर थिएटर्स पूरी तरह से हाउसफुल चल रहे हैं।
फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' ने मंगलवार को एक नया इतिहास रच दिया है। फिल्म ने इस हफ्ते के दूसरे मंगलवार को करीब 3.10 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया है। इसके ठीक एक दिन पहले यानी बीते सोमवार को फिल्म ने 2.5 करोड़ रुपये बटोरे थे।
किसी भी फिल्म के लिए रिलीज के दूसरे हफ्ते में और वो भी वीकडेज बीच में ऐसी बढ़त हासिल करना बेहद मुश्किल माना जाता है। इम्तियाज अली की इस फिल्म ने यह जादुई आंकड़ा तब छुआ है जब बॉक्स ऑफिस पर पहले से ही कई दूसरी बड़ी फिल्में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही हैं।
इस समय बॉक्स ऑफिस के मैदान में 'कॉकटेल 2' जैसी बड़ी फिल्म भी मौजूद है, जो महज 4 दिनों के भीतर 60 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कमाई कर चुकी है। इसके अलावा 'भारत भाग्य विधाता', 'हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट', 'गवर्नर' और 'डिस्क्लोजर डे' जैसी कई अन्य फिल्में भी थिएटर्स में लगी हुई हैं।
इतनी कड़ी चुनौतियों के बावजूद फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' के कलेक्शन में दूसरे शनिवार को करीब 130 % का तगड़ा उछाल देखा गया था। खबरों के अनुसार फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' का कुल बजट लगभग 70 करोड़ रुपये है। अब तक भारत में इस फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 29.85 करोड़ रुपये हो चुका है।