

Maa Inti Bangaaram Day 1 Collection: साउथ फिल्म इंडस्ट्री में अपनी बेहतरीन एक्टिंग से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली एक्ट्रेस समांथा रुथ प्रभु एक बार फिर सिनेमाघरों में अपना पुराना जादू बिखेरने में पूरी तरह कामयाब रही हैं। इस शुक्रवार को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मा इंति बंगारम' ने सिनेमाघरों में उम्मीद से कहीं ज्यादा धमाकेदार शुरुआत की है।
फिल्म के टीजर और ट्रेलर को देखने के बाद से ही फैंस के बीच इस फिल्म को लेकर जो जबरदस्त क्रेज बना हुआ था, वह अब सिनेमाघरों के बाहर लगी लंबी कतारों के रूप में साफ दिखाई दे रहा है। एक्ट्रेस समांथा की इस फिल्म ने पहले ही दिन छप्परफाड़ कमाई करते हुए अपनी ही पिछली फिल्मों के पुराने रिकॉर्ड तो तोड़ दिए हैं, साथ ही बाकी अभिनेत्रियों की सोलो लीड मूवीज को भी काफी पीछे छोड़ दिया है।
रिलीजिंग के शुरुआती आंकड़ों पर नजर डालें तो फिल्म 'मा इंति बंगारम' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर बेहद मजबूत पकड़ के साथ अपने सफर की शुरुआत की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने अपने पहले दिन घरेलू बाजार में 5.35 करोड़ रुपये का शानदार नेट कलेक्शन किया है। वर्किंगडे होने के बावजूद सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली, जिसके चलते देश भर के कुल 2,038 शोज में फिल्म की ऑक्यूपेंसी लगभग 36 % रही।
फिल्म 'मा इंति बंगारम' कमाई के मामले में समांथा के करियर के लिए एक नया मील का पत्थर साबित हो रही है। साल 2022 में आई उनकी सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 'यशोदा' ने अपने पहले दिन 3.06 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था।
वहीं साल 2019 में रिलीज हुई उनकी बेहद पॉपुलर फिल्म 'ओह! बेबी' ने ओपनिंग डे पर 2.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। फिल्म 'मा इंति बंगारम' ने इन दोनों ही फिल्मों के लाइफटाइम ओपनिंग आंकड़ों को बहुत बड़े अंतर से पीछे छोड़ते हुए बॉक्स ऑफिस पर एक नया रिकॉर्ड बनाया है।
एक्ट्रेस समांथा रुथ प्रभु की फिल्म 'मा इंति बंगारम' का जलवा इतना जबरदस्त है कि इसके आगे हाल के दिनों में आई बाकी लीड़ एक्ट्रेस फिल्में कहीं नहीं टिक सकीं। इस कड़ी में अनुष्का शेट्टी की बहुचर्चित फिल्म 'घाटी' भी शामिल है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर महज 2.00 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली थी।
इसके अलावा रश्मिका मंदाना की अहम रोल वाली फिल्म 'द गर्लफ्रेंड' भी इसके सामने काफी फीकी नजर आई, जिसने पहले दिन सिर्फ 1.30 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। इन सभी फिल्मों को पछाड़कर अभिनेत्री समांथा की फिल्म इस समय बॉक्स ऑफिस की रेस में सबसे आगे निकल चुकी है।