6 महीने में हो सकती है मौत... डॉक्टरों की चेतावनी के बाद बदली राम कपूर की जिंदगी, वेट लॉस ने किया हैरान

Lock Upp 2 Ram Kapoor: फेमस टीवी एक्टर राम कपूर ने लॉक अप-2 में अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर का खुलासा करते हुए सेहत और मानसिक तनाव से जुड़ी खौफनाक बातें शेयर कीं।
Ram Kapoor Lock Upp 2
राम कपूर (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ram Kapoor Health Transformation: टेलिविजन की दुनिया में नाम और शोहरत हासिल करना जितना लुभावना लगता है, इसके पीछे का सच कभी-कभी बेहद खौफनाक भी होता है। टीवी धारावाहिक बड़े अच्छे लगते हैं के जरिए घर-घर में पहचान बनाने वाले फेमस राम कपूर ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा ही कड़वा सच दुनिया के सामने रखा है। एक रियलिटी शो के दौरान अपने अतीत के पन्नों को पलटते हुए उन्होंने बताया कि सफलता के शिखर पर पहुंचकर वह किस तरह एक गंभीर दौर से गुजर रहे थे।

राम कपूर ने खुलासा किया कि जब उनका शो सफलता के नए कीर्तिमान रच रहा था, तब वह अपनी जिंदगी के सबसे खतरनाक पड़ाव से जूझ रहे थे। पर्दे पर जिस मोटापे और रोल को दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया, वही उनके लिए एक मानसिक बोझ बन चुका था। टीआरपी की रेटिंग्स में शीर्ष पर रहने की वजह से उनके पास काम की कोई कमी नहीं थी, लेकिन अंदर ही अंदर वह एक अलग ही जंग लड़ रहे थे। लगातार मिल रही सफलता के दबाव ने उनके स्वभाव को पूरी तरह बदल दिया था।

डॉक्टरों की उस गंभीर चेतावनी ने बदल दी सोच

तबीयत के मोर्चे पर हालात इतने बिगड़ चुके थे कि डॉक्टरों को भी हाथ खड़े करने पड़े थे। राम कपूर की मेडिकल रिपोर्ट बेहद चिंता के स्तर पर पहुंच चुकी थी। दिन में 3 बार इंसुलिन लेने के बावजूद उनका ब्लड शुगर लेवल लगातार 400 से लेकर 600 के पार बना रहता था।

ऐसे में डॉक्टरों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी थी कि यदि उन्होंने अपनी जीवनशैली में तुरंत बदलाव नहीं किया, तो 6 महीने के अंदर उनकी जान जा सकती है। डायबिटिक स्ट्रोक का खतरा सिर पर मंडरा रहा था, फिर भी वह रोजाना 14-14 घंटे लगातार शूटिंग में बिजी रहते थे।

फेम के नशे में सेहत और व्यवहार को दरकिनार किया

सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के बाद भी वह खुद को बदलना नहीं चाहते थे। उनके मन में यह डर बैठ गया था कि उनका भारी-भरकम शरीर ही उनकी सफलता, प्यार और कमाई का मुख्य जरिया है।

इसी फेम और पैसे के चक्कर में उन्होंने अपनी सेहत को पूरी तरह अनदेखा कर दिया। इसका असर उनके पेशेवर और बर्ताव पर भी साफ दिखने लगा था। वह सेट पर 6-6 घंटे देरी से पहुंचने लगे थे और शूटिंग के दौरान शराब का सेवन करने लगे थे। सहकर्मियों और आसपास के लोगों से उनका बर्ताव बेहद खराब हो गया था।

एक दशक लंबे संघर्ष के बाद मिली नई जिंदगी

उस दौर को बीते अब लगभग 10 साल का लंबा समय हो चुका है। अतीत के उस अंधियारे पन्ने को याद करते हुए राम कपूर का गला आज भी भर आता है। उन्होंने स्वीकार किया कि वह उस समय एक बेहद बुरे इंसान में तब्दील हो चुके थे, लेकिन समय रहते खुद को संभालना ही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि रही।

आज राम कपूर अपनी जिंदगी के इस नए पड़ाव पर बेहद खुश और संतुष्ट हैं। लॉक अप-2 के मंच पर दिया गया उनका यह बयान हर उस इंसान के लिए एक सीख है जो सफलता की चाह में अपनी सेहत और अपनों को दांव पर लगा देता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com