Lock Upp 2: बरसों पुरानी दुश्मनी की दिखेगी झलक, हिना खान ने शिल्पा शिंदे को किया रोस्ट

Lock Upp 2 के नए एपिसोड में हिना खान और शिल्पा शिंदे के बीच जबरदस्त बहस देखने को मिली। हिना के तीखे सवालों और आरोपों के बाद माहौल इतना गर्म हो गया कि शिल्पा शिंदे भावुक हो गईं।
Lock Upp 2 Shilpa Shinde Vs Hina Khan
लॉक अप 2 (सौ. डिजाइन फोटो )
Published on
Updated on

Lock Upp 2 Shilpa Shinde Vs Hina Khan: नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो लॉकअप 2 में इस हफ्ते जबरदस्त ड्रामा देखने के लिए मिलने वाला है। इस हफ्ते शो जजमेंट डे पर 2 ऐसी सेलिब्रिटीज आने वाली है, जिनका शो के कंटेस्टेंट से पुराना नाता रहा है।

इस हफ्ते शो में जजमेंट डे पर हिना खान और उर्फी जावेद की एंट्री के साथ ही प्रतियोगियों के बीच टेंशन बढ़ गया। एपिसोड में हिना खान और शिल्पा शिंदे के बीच तीखी बहस ने दर्शकों का ध्यान खींचा। हालांकि, यह पूरा घटनाक्रम शो में दिखाए गए एपिसोड पर आधारित है।

पुरानी बातों को लेकर हुई तीखी नोकझोंक

एपिसोड के दौरान बातचीत में अभिनेता हर्षद चोपड़ा ने एक पुराने टीवी शो का जिक्र करते हुए कहा कि शिल्पा शिंदे ने उसमें करीब एक साल काम किया था, जबकि बाद में दूसरे कलाकार ने उस शो को लंबे समय तक आगे बढ़ाया। इस पर शिल्पा शिंदे ने अपनी राय रखी, जिसके बाद हिना खान ने उनकी टिप्पणी का विरोध किया। देखते ही देखते दोनों के बीच बहस तेज हो गई और माहौल गर्मा गया।

हिना ने लगाए आरोप, शिल्पा हुईं भावुक

बहस के दौरान हिना खान ने आरोप लगाया कि शिल्पा शिंदे अन्य कलाकारों के किरदारों को लेकर गलत टिप्पणियां कर रही हैं। शो में दिखाया गया कि इस मुद्दे पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। हिना ने यहां तक कहा कि शिल्पा को शो से बाहर किया जाना चाहिए। उर्फी जावेद ने माहौल शांत कराने की कोशिश की, लेकिन हिना अपने रुख पर कायम रहीं। लगातार बहस के बीच शिल्पा शिंदे भावुक नजर आई और उनकी आंखों में आंसू भी दिखाई दिए।

शिल्पा ने हिना को लेकर कही यह बात

बाद में जब शिल्पा शिंदे से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि हिना खान उन्हें शो से बाहर करने का फैसला लेंगी, तो उन्होंने इससे इनकार किया। शिल्पा ने कहा कि वह हिना को इतना जानती हैं कि वह व्यक्तिगत रिश्तों या पुरानी बातों को मौजूदा गेम पर हावी नहीं होने देंगी। उनके इस बयान के बाद भी दोनों के बीच की तनातनी चर्चा का विषय बनी रही।

दर्शकों के बीच चर्चा में आया एपिसोड

हिना खान और शिल्पा शिंदे के बीच हुई यह बहस सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई है। शो में दिखाए गए घटनाक्रम को लेकर दर्शकों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। आने वाले एपिसोड में दोनों के रिश्ते किस दिशा में बढ़ते हैं और शो में आगे क्या नया मोड़ आता है, इस पर दर्शकों की नजर बनी हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com