

Kumar Sanu Praises Anu Malik: बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर कुमार सानू ने 90 के दशक के अपने सुनहरे दौर की यादों को एक बार फिर ताजा किया। वह हाल ही में सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ के मंच पर पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात संगीतकार अनु मलिक से हुई। इस दौरान कुमार सानू ने अनु मलिक के साथ अपने पुराने दिनों और उनके काम करने के अनोखे अंदाज को याद किया।
कुमार सानू ने अनु मलिक की तारीफ करते हुए कहा कि उनके जैसा तुरंत धुन तैयार करने वाला संगीतकार उन्होंने अपने करियर में नहीं देखा। सिंगर के मुताबिक, अनु मलिक मौके और जरूरत के हिसाब से एक ही गाने को कई अलग-अलग अंदाज में तैयार कर सकते थे। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि अगर किसी प्रोड्यूसर को अनु मलिक का तैयार किया हुआ गाना पसंद नहीं आता था, तो वह उसी वक्त उसके कई नए वर्जन पेश कर देते थे।
कुमार सानू ने कहा कि अनु मलिक एक ही गाने को 14-15 अलग-अलग अंदाज में गाकर सुना देते थे। उनकी आवाज और प्रस्तुति का तरीका इतना खास था कि सामने वाला आखिरकार उनके गाने से प्रभावित हो जाता था। शो के होस्ट हार्दिक लिम्बाचिया के आग्रह पर कुमार सानू ने मंच पर अपनी आवाज का जादू बिखेरा।
कुमार सानू ने 1994 में रिलीज हुई फिल्म ‘नाराज’ का लोकप्रिय गीत ‘संभाला है मैंने’ गाया। इस गाने को अनु मलिक ने कंपोज किया था। अपनी परफॉर्मेंस के बाद कुमार सानू ने इस गीत को याद करते हुए कहा कि 90 के दशक में अनु मलिक ने हिंदी फिल्म संगीत को कई यादगार गाने दिए। उन्होंने ‘संभाला है मैंने’ को मुश्किल गीत बताते हुए कहा कि इस तरह के गाने को तैयार करना और उसे सही अंदाज में पेश करना आसान नहीं था।
‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ के आगामी एपिसोड की थीम ‘इंडिया वाला डांस’ रखी गई है। इस एपिसोड में कंटेस्टेंट्स रितेश और प्रतीक अपनी डांस परफॉर्मेंस से दर्शकों और मेहमानों का मनोरंजन करते नजर आएंगे। शो के मंच पर कुमार सानू और अनु मलिक की मौजूदगी ने संगीत और डांस के साथ 90 के दशक की यादों को भी ताजा कर दिया। शो हर शनिवार और रविवार को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होता है।