

Kartik Aaryan National Award 2026: बीता शनिवार का दिन भारतीय सिनेमा और एक्टर कार्तिक आर्यन के लिए बेहद ऐतिहासिक साबित हुआ। जब 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का ऐलान हुआ, तो उसमें कार्तिक आर्यन का नाम सर्वश्रेष्ठ एक्टर के रूप में गूंज उठा। फिल्म 'चंदू चैंपियन' में उनकी लाजवाब एक्टिंग को देश के सबसे प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है। इस बड़ी कामयाबी की खबर मिलते ही कार्तिक आर्यन और उनका पूरा परिवार खुशी से झूम उठा।
एक्टर कार्तिक आर्यन ने सोशल मीडिया पर इस खास पल का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उनकी और उनके माता-पिता की भावनाएं साफ देखी जा सकती हैं। जैसे ही सर्वश्रेष्ठ एक्टर की लिस्ट में कार्तिक का नाम आया, वैसे ही कमरे का माहौल पूरी तरह बदल गया। कार्तिक अपनी उंगली से स्क्रीन पर नाम दिखाते हुए बेहद इमोशनल हो गए। सालों की कड़ी मेहनत और संघर्ष का यह सबसे खूबसूरत परिणाम था, जिसे देखकर उनके माता-पिता की आंखें भी भर आईं।
इस ऐतिहासिक पल का वीडियो शेयर करते हुए कार्तिक आर्यन ने अपने फैंस के लिए एक बेहद भावुक पोस्ट भी लिखा है। उन्होंने कहा कि वह अभी भी इस अद्भुत एहसास को पूरी तरह महसूस करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके अनुसार कुछ पल जीवन में इतने बड़े होते हैं कि उन्हें शब्दों में बांधना मुमकिन नहीं होता।
नेशनल अवॉर्ड उनके लिए सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं है, बल्कि बरसों से देखा गया एक ऐसा सपना है जो अब जाकर हकीकत में बदला है। उन्होंने इस सम्मान के लिए हर किसी का आभार जताया।
कार्तिक आर्यन ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत साल 2011 में फिल्म 'प्यार का पंचनामा' से की थी। इसके बाद उन्होंने कई बेहतरीन रोमांटिक और कल्ट फिल्मों में काम किया, जिसमें 'सोनू के टीटू की स्वीटी' और 'सत्यप्रेम की कथा' जैसी फिल्में शामिल हैं।
दर्शकों के बीच उनकी पहचान एक चॉकलेटी बॉय के रूप में बन चुकी थी, लेकिन वह हमेशा कुछ अलग करना चाहते थे। कबीर खान के डायरेक्शन में बनी स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'चंदू चैंपियन' ने उनके करियर को एक नया मोड़ दे दिया। इस फिल्म में निभाए गए किरदार के लिए नेशनल अवॉर्ड भी मिला।
'चंदू चैंपियन' भारत के पहले पैरालिंपिक गोल्ड मेडिलिस्ट विजेता मुरलीकांत पेटकर के असाधारण जीवन और उनके कड़े संघर्ष की कहानी पर आधारित है। इस चुनौतीपूर्ण रोल को बड़े पर्दे पर दिखाने के लिए कार्तिक आर्यन ने दिन-रात एक कर दिए थे।
उन्होंने अपने शरीर से लेकर अपनी डायलॉग डिलीवरी पर महीनों तक काम किया। सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद भी कार्तिक आर्यन की एक्टिंग की चौतरफा सराहना हुई थी और अब देश की सबसे बड़ी जूरी ने भी उनके इस समर्पण पर अपनी मुहर लगा दी है।