42 साल की उम्र में मां बनीं करिश्मा तन्ना, गुरु पूर्णिमा के दिन बेटे को दिया जन्म, सोशल मीडिया पर दी खुशखबरी

Karishma Tanna Mother: करिश्मा तन्ना 42 साल की उम्र में मां बन गई हैं। उन्होंने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बेटे को जन्म दिया। सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए कपल ने अपने नन्हे मेहमान का स्वागत किया।
Karishma Tanna Baby boy Mother Pregnancy Varun Bangera
करिश्मा तन्ना और वरुण बंगेरा (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Karishma Tanna Baby Boy: टीवी इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री करिश्मा तन्ना और उनके पति वरुण बंगेरा के घर खुशियों ने दस्तक दी है। लंबे समय से अपनी प्रेग्नेंसी जर्नी को लेकर चर्चा में रहीं करिश्मा अब मां बन गई हैं। खास बात यह है कि उन्होंने गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर बेटे को जन्म दिया है। कपल ने सोशल मीडिया पर एक प्यारी-सी पोस्ट शेयर कर अपने फैंस के साथ यह खुशखबरी साझा की, जिसके बाद उन्हें बधाइयां देने वालों का तांता लग गया।

करिश्मा तन्ना और वरुण बंगेरा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर बेटे के जन्म की घोषणा की। पोस्ट में नवजात के नन्हे पैरों की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा गया कि गुरु पूर्णिमा के पवित्र दिन जन्म हुआ। हमारा सबसे बड़ा आशीर्वाद हमारे बीच है। 29 जुलाई 2026। हमारी दुनिया में तुम्हारा स्वागत है, नन्हे मेहमान। तस्वीर पर 'It's a Boy. He's Here' लिखा है। इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स ने कपल को जमकर शुभकामनाएं दीं।

सेलेब्स ने दी बधाई

करिश्मा और वरुण के माता-पिता बनने की खबर पर कई फिल्म और टीवी सितारों ने अपनी खुशी जाहिर की। अभिनेत्री स्मृति ईरानी ने कमेंट करते हुए लिखा कि बहुत-बहुत बधाई, भगवान अपनी कृपा बनाए रखें। वहीं अभिनेता सोनू सूद और अभिनेत्री सोनल चौहान समेत कई सेलेब्स ने भी कपल को नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। फैंस भी लगातार कमेंट सेक्शन में प्यार बरसा रहे हैं।

प्रेग्नेंसी के आखिरी दिनों में भी रहीं एक्टिव

मां बनने से कुछ दिन पहले करिश्मा तन्ना ने जिम से एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह डांस करती नजर आई थीं। उन्होंने बताया था कि प्रेग्नेंसी के आखिरी दिनों में उन्हें दर्द, पैरों में सूजन और सांस फूलने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इसके बावजूद उन्होंने सकारात्मक सोच बनाए रखी। करिश्मा ने लिखा था कि वह अपने होने वाले बच्चे के लिए हर पल को खुशी के साथ जीना चाहती हैं और इस खूबसूरत सफर की यादों को हमेशा संजोकर रखेंगी।

2022 में की थी वरुण बंगेरा से शादी

करिश्मा तन्ना ने बिजनेसमैन वरुण बंगेरा से 5 फरवरी 2022 को शादी की थी। दोनों की मुलाकात कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी और करीब डेढ़ साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद उन्होंने शादी करने का फैसला लिया। वरुण एक बिजनेस फैमिली से ताल्लुक रखते हैं। अब शादी के चार साल बाद कपल के घर बेटे के जन्म से खुशियों का नया अध्याय शुरू हो गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com