

Kangana Ranaut Personality Rights: बॉलीवुड की क्वीन कंगना रनौत जो हमेशा से ही अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती है, उन्हें लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। डीपफेक और फेक एआई कंटेंट को लेकर कंगना रनौत ने सख्त रुख अपनाया है।
सोशल मीडिया पर लगातार फेक एआई जनरेटेड कंटेंट और डीपफेक कंटेंट से परेशान होकर कंगना ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट से अपने नाम, पहचान और छवि के गलत इस्तेमाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इतना ही नहीं कंगना रनौत ने दिल्ली हाईकोर्ट से अपनी पर्सनैलिटी और पब्लिसिटी से जुड़े अधिकारों की सुरक्षा की भी मांग की है।
बॉलीवुड एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने दिल्ली हाईकोर्ट से अपील करते हुए कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनकी पहचान का बिना अनुमति इस्तेमाल किया जा रहा है। इनमें उनके नाम और पहचान से जुड़े अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट भी शामिल है।
दिल्ली हाईकोर्ट जस्टिस विकास महाजन की एकल पीठ ने कंगना की ओर से दायर याचिका पर संबंधित पक्षों को समन जारी किया है। हाईकोर्ट ने अंतरिम रोक लगाने की मांग वाली उनकी अर्जी पर भी नोटिस जारी किया है। इस अर्जी के जरिए कंगना ने आपत्तिजनक कंटेंट को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटाने की मांग की है।
पर्सनैलिटी राइट्स की सुनवाई के दौरान कंगना की ओर से पेश वकील ने अदालत में कहा कि वह सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ पोस्ट किए गए अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट से परेशान हैं। ऐसी कंटेंट को हटाने का आदेश दिया जाए। इस पर अदालत ने कंगना के वकील से उन पक्षों के नाम बताने को कहा, जिनके खिलाफ कंटेंट हटाने का आदेश मांगा जा रहा है। साथ ही अदालत ने कंगना की ओर से कुछ पक्षों को मामले से हटाए जाने के बाद नई पक्षकार सूची भी दाखिल करने को कहा है। इस मामले की अगली सुनवाई अब 3 फरवरी 2027 को होगी।
कंगना का यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब दिल्ली हाईकोर्ट में मशहूर लोगों के नाम, तस्वीर, आवाज और पहचान के बिना अनुमति इस्तेमाल से जुड़े कई मामले सामने आ रहे हैं। खास तौर पर एआई की मदद से बनाए गए नकली वीडियो, डीपफेक, फर्जी विज्ञापन और लोगों की पहचान के कमर्शियल इस्तेमाल को लेकर कई हस्तियों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया है। आपको बता दें कि बॉलीवुड एक्ट्रेस जान्हवी कपूर भी पर्सनैलिटी राइट्स के चलते दिल्ली हाईकोर्ट का रुख कर चुकी है।
हाल के महीनों में पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर, पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर, आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर, अभिनेता अर्जुन कपूर, अल्लू अर्जुन, नागार्जुन, वरुण धवन, काजोल, ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन समेत कई हस्तियां अदालत से अपनी पहचान और छवि की सुरक्षा की मांग कर चुकी हैं। गायक जुबिन नौटियाल, फिल्मकार करण जौहर, पॉडकास्ट से जुड़े राज शमानी, कांग्रेस सांसद शशि थरूर और अभिनेता नागा चैतन्य भी ऐसे मामलों में अदालत का रुख कर चुके हैं।