Kangana Ranaut: गांधी परिवार पर टिप्पणी कर बुरी तरह फंसी कंगना रनौत, शिमला में दर्ज हुई एफआईआर

Actress Kangana Ranaut Comment on Sonia Gandhi: कंगना रनौत के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शिमला में एफआईआर दर्ज हुई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार पर की गई टिप्पणियां भड़काऊ थीं।
Kangana Ranaut FIR Shimla
कंगना रनौत पर दर्ज हुई एफआईआर(सौ. डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • कंगना रनौत के खिलाफ शिमला में FIR दर्ज, रिटायर्ड कैप्टन ने की शिकायत

  • गांधी परिवार की मौतों और सोनिया गांधी पर पोस्ट को बताया भड़काऊ

  • सार्वजनिक शांति भंग करने और दुश्मनी फैलाने के आरोपों की जांच शुरू

Kangana Ranaut FIR Shimla: अपने बेबाक अंदाज और बयानों से चर्चा में रहने वाली कंगना रनौत की मुश्किलें एक बार फिर से बढ़ती हुई नजर आ रही है। सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के बाद से लगातार कंगना गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर रही थी।

शुक्रवार को शिमला के रहने वाले रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा ने कंगना रनौत के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। जिसके बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस ने भी कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अतुल शर्मा ने कंगना रनौत पर आरोप लगाया है कि उनके बयान भड़काऊ थे और उनसे सार्वजनिक शांति भंग होने का भी खतरा है।

गांधी परिवार में हुई मौतों को लेकर बेहद भड़काऊ इशारे

अपनी शिकायत में अतुल शर्मा ने बताया कि 10 नवंबर को कंगना रनौत ने अपने वेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट से कई पोस्ट शेयर किए। इन पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके बेट संजय गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मौतों को लेकर बेहद भड़काऊ इशारे किए गए थे।

सोनिया गांधी पर की गई टिप्पणियों पर जतायी आपत्ति

शिकायतकर्ता ने कांग्रेस संसदीय दल यानी सीपीपी की अध्यक्ष सोनिया गांधी के बारे में की गई टिप्पणियों पर भी आपत्ति जताई। आरोप है कि इन पोस्ट में सोनिया गांधी को एक रहस्यमयी विदेशी नागरिक के रूप में पेश किया गया था।

अतुल शर्मा के अनुसार, इन पोस्ट में यह संकेत दिया गया था कि गांधी परिवार के सदस्यों की एक-एक करके हुई मौतों से पहले ही सोनिया गांधी इस परिवार में आ गई थीं, जिससे अंततः उनके लिए सरकार की कमान संभालने का रास्ता साफ हो गया। इन पोस्ट में इस बात के साथ यह टिप्पणी भी जोड़ी गई थी, कितना सुविधाजनक।

शिकायत में संजय गांधी की मौत के बाद की घटनाओं को लेकर कंगना रनौत के उस दावे का भी जिक्र है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उनकी पत्नी मेनका गांधी को पारिवारिक आवास से बाहर निकाल दिया गया था।

Kangana Ranaut FIR Shimla
कॉमेडियन समय रैना ने हुमा कुरैशी के सामने उड़ाया टॉक्सिक का मजाक, एक्ट्रेस ने भी दिया करारा जवाब

जानबूझकर फैलायी भड़काऊ बातें

शर्मा ने तर्क दिया कि सोशल मीडिया पोस्ट राजनीतिक आलोचना के दायरे से बाहर थे और इनका मकसद जानबूझकर भड़काऊ बातें फैलाना था। उन्होंने कहा कि इस तरह की सामग्री से जनता में आक्रोश फैल सकता है, शांति भंग हो सकती है और अलग-अलग समूहों के बीच दुश्मनी पैदा हो सकती है।

शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि इन पोस्ट में भ्रामक जानकारी दी गई थी। एफआआईर दर्ज होने के बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस ने भाजपा सांसद पर लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में किए गए दावों की जांच चल रही छानबीन का ही हिस्सा है।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला तब सामने आया है जब इसी हफ्ते कंगना रनौत ने सोनिया गांधी के भारतीय नागरिकता लेने के समय पर सवाल उठाए थे। उन्होंने सोनिया गांधी की शादी और 1983 में भारतीय नागरिक बनने के उनके फैसले की ओर इशारा करते हुए उन पर कई आरोप लगाए। एक इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने रहस्यमयी विदेशी नागरिक सोनिया गांधी के राजनीतिक उत्थान पर सवाल खड़े किए थे।