बेंगलुरु में जूनियर NTR को देखने उमड़ी भारी भीड़, अस्पताल में मचा हंगामा, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

Jr NTR Fans Crowd: Jr एनटीआर बेंगलुरु में KIMS अस्पताल के उद्घाटन के लिए पहुंचे, जहां उनकी एक झलक पाने के लिए हजारों फैंस उमड़ पड़े। भारी भीड़ के कारण अफरा-तफरी मच गई, एस्केलेटर क्षतिग्रस्त हो गया।
Jr NTR Bengaluru KIMS hospital Event fan chaos escalator broke police lathicharge
जूनियर एनटीआर (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Jr NTR Bengaluru Hospital Event: तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर की जबरदस्त फैन फॉलोइंग किसी से छिपी नहीं है। हाल ही में बेंगलुरु में उनकी एक झलक पाने के लिए फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।

दरअसल, 8 मार्च को जूनियर एनटीआर बेंगलुरु के महादेवपुरा इलाके में स्थित केआईएमएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। जैसे ही अभिनेता के वहां आने की खबर फैली, हजारों की संख्या में फैंस अस्पताल के बाहर और अंदर जमा हो गए। अभिनेता जब कार्यक्रम स्थल पहुंचे तो उन्होंने कार की छत पर खड़े होकर अपने फैंस का अभिवादन किया।

एस्केलेटर टूटा, मची अफरा-तफरी

जूनियर एनटीआर की एक झलक पाने के लिए फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कई प्रशंसक उन्हें करीब से देखने और सेल्फी लेने के लिए बैरिकेड्स पार कर अंदर घुसने लगे। भीड़ के बेकाबू होने से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई। बड़ी संख्या में फैंस अस्पताल के अंदर घुस गए और लॉबी में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान भारी दबाव के कारण अस्पताल के अंदर लगा एस्केलेटर क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस ने संभाली स्थिति

बताया जा रहा है कि इस अफरा-तफरी के दौरान एक फैन एस्केलेटर से नीचे गिर गया। इसके अलावा रिसेप्शन एरिया में रखा फर्नीचर भी टूट गया और वहां मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया और भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर जूनियर एनटीआर को सुरक्षित रूप से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया। अधिकारियों के मुताबिक, समय रहते कार्रवाई किए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

घटना के वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स ने फैंस की इस तरह की दीवानगी की आलोचना की है। एक यूजर ने लिखा कि दुनिया का सबसे बुरा फैनडम। वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि अस्पताल जैसी जगह पर इस तरह का हंगामा बिल्कुल गलत है। कुछ लोगों ने कहा कि फैंस का यह पागलपन खतरनाक साबित हो सकता है। हालांकि, कई प्रशंसकों ने इसे अपने पसंदीदा स्टार के प्रति प्रेम और उत्साह भी बताया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com