

Javed Jaffrey on Tamma Tamma Dance: सिनेमा जगत में कभी-कभी कोई फ़िल्म फ्लॉप होकर भी इतिहास रच देती है, तो कभी किसी गाने के हुक स्टेप्स दशकों तक लोगों के दिलों में ज़िंदा रहते हैं। ऐसा ही एक किस्सा सुपरहिट गाने का है 90 के दशक का सुपरहिट नंबर 'तम्मा तम्मा'। फ़िल्म 'थानेदार' का यह गाना आज भी जब कहीं बजता है, तो लोगों के पैर थिरकने लग जाते हैं।
इस गाने के मशहूर डांस स्टेप्स को लेकर उस दौर में एक बहुत बड़ी अफ़वाह उड़ गई थी? इस दिलचस्प और हैरान करने वाले किस्से का ख़ुलासा ख़ुद मशहूर डांसर और एक्टर जावेद जाफरी ने किया है। उन्होंने बताया कि कैसे लोगों के बीच एक बड़ी ग़लतफ़हमी पैदा हो गई थी, जिसने उस समय काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
जावेद जाफरी हाल ही में फेमस डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर' के मंच पर बतौर गेस्ट पहुंचे थे। इसी शो के दौरान जब पुरानी यादों का कारवां चला, तो 'तम्मा तम्मा' गाने का ज़िक्र भी छिड़ गया। जावेद जाफरी ने उस दौर को याद करते हुए बताया कि जब यह गाना रिलीज़ हुआ, तो संजय दत्त ने इस गाने के लिए बहुत मेहनत की।
बड़े पर्दे पर उनका अंदाज़ और डांस दर्शकों को बेहद पसंद भी आया था। लेकिन इसके बावजूद उस समय फिल्म इंडस्ट्री और आम लोगों के बीच एक अजीब अफ़वाह ने ज़ोर पकड़ लिया था। अफवाह ये थी कि इस गाने में जो डांस स्टेप्स दिख रहे हैं, वे असल में संजय दत्त ने नहीं बल्कि जावेद जाफरी ने किए हैं।
जावेद जाफरी ने शेयर किया कि उस ज़माने में उनकी अपनी डांसिंग स्टाइल काफी अलग हुआ करती थी। उनके हुक स्टेप्स और बॉडी लैंग्वेज उस समय के पारंपरिक बॉलीवुड डांस से बिल्कुल अलग थे। जब संजय दत्त के 'तम्मा तम्मा' गाने के स्टेप्स सामने आए, तो वे जावेद जाफरी के सिग्नेचर स्टाइल से काफी मेल खाते थे।
इस खास बातचीत के दौरान फेमस एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर ने भी इस विषय पर अपनी सहमति जताई। उन्होंने जावेद जाफरी के हुनर की तारीफ करते हुए कहा कि जावेद की डांसिंग स्टाइल हमेशा से ही अपने समय से बहुत आगे रही है।
उर्मिला मातोंडकर ने उनके एक और ब्लॉकबस्टर गाने 'बोल बेबी बोल रॉक एन रोल' को याद किया। उन्होंने कहा कि जब जावेद जाफरी ने उस गाने को अपनी स्क्रीन प्रेजेंस से पॉपुलर बनाया, तो हर कोई दंग रह गया था।