

Highlights
'जेलर 2' ने 19वें दिन कमाए 3.41 करोड़ रुपये।
रजनीकांत की फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 812 करोड़ रुपये पहुंचा।
'उड़ता तीर' की कमाई में 11वें दिन 69 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई।
उड़ता तीर का घरेलू नेट कलेक्शन 43.45 करोड़ रुपये हुआ।
Rajinikanth Jailer 2 Box Office Collection Day 19: बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों फिल्मों के बीच कमाई को लेकर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। एक तरफ सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' तीसरे हफ्ते में भी थियेटर्स में अपनी पकड़ बनाए हुए है।
दूसरी तरफ आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म 'उड़ता तीर' के कलेक्शन में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। दोनों फिल्मों के ताजा बॉक्स ऑफिस आंकड़े इनके प्रदर्शन की अलग-अलग कहानी बयां कर रहे हैं।
रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' का बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन जारी है। रिलीज के 19वें दिन यानी सोमवार को फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर में लगभग 3.41 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की कुल घरेलू नेट कलेक्शन करीब 459.71 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
तमिल भाषा में फिल्म को सबसे ज्यादा दर्शक मिले हैं, जबकि हिंदी और तेलुगु संस्करणों से भी इसे अच्छा कलेक्शन हुआ है। दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस की बात करें तो फिल्म का प्रदर्शन और भी शानदार रहा है। खबरों के अनुसार 'जेलर 2' का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन लगभग 812 करोड़ रुपये हो चुका है। तीसरे हफ्ते में भी फिल्म की यह रफ्तार रजनीकांत की जबरदस्त फैन फॉलोइंग को दिखाती है।
वहीं आयुष्मान खुराना और सारा अली खान 'उड़ता तीर' की बॉक्स ऑफिस यात्रा थोड़ी मुश्किल होती नजर आ रही है। फिल्म ने शुरुआती दिनों में ठीक-ठाक कलेक्शन किया था, लेकिन दूसरे हफ्ते में पहुंचते ही इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई। रिलीज के 11वें दिन सोमवार को फिल्म के कलेक्शन में रविवार के मुकाबले करीब 69 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
फिल्म ने सोमवार को सिर्फ 1.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके बाद भारत में इसकी कुल नेट कमाई लगभग 43.45 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 51.82 करोड़ और ओवरसीज कलेक्शन 11.50 करोड़ रुपये रहा। इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 63.32 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
एक्टर रजनीकांत की 'जेलर 2' जहां दुनियाभर में 812 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है, वहीं 'उड़ता तीर' के लिए दूसरे हफ्ते में अपने कलेक्शन की रफ्तार बनाए रखना चुनौती बन गया है। आने वाले दिनों में दोनों फिल्मों का प्रदर्शन तय करेगा कि बॉक्स ऑफिस पर इनकी आगे की राह कैसी रहती है।