कभी सलमान खान को टक्कर देते थे इंदर कुमार, एक स्टंट के दौरान हुआ हादसा और बदल गई पूरी जिंदगी

Inder Kumar Career: इंदर कुमार ने 1996 में मासूम से बॉलीवुड डेब्यू किया और क्योंकि सास भी कभी बहू थी से टीवी पर पहचान बनाई। मसीहा की शूटिंग के दौरान हेलीकॉप्टर से गिरने के बाद उन्हें गंभीर चोट लगी।
Inder Kumar Birth Anniversary
इंदर कुमार(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Inder Kumar Birth Anniversary: बॉलीवुड अभिनेता इंदर कुमार ने फिल्मों के साथ-साथ टेलीविजन की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई। हालांकि, उन्हें वह सफलता नहीं मिल पाई जिसके वह हकदार माने जाते थे। उनके करियर का सबसे मुश्किल दौर तब आया, जब एक फिल्म की शूटिंग के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने उन्हें लंबे समय तक बिस्तर पर रहने के लिए मजबूर कर दिया। महज 43 साल की उम्र में इंदर ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

इंदर कुमार का जन्म 26 अगस्त 1973 को हुआ था। उन्होंने साल 1996 में फिल्म ‘मासूम’ से बॉलीवुड में कदम रखा। अपने आकर्षक व्यक्तित्व और अभिनय के कारण उन्होंने जल्द ही दर्शकों का ध्यान खींचा। हालांकि, ज्यादातर फिल्मों में उन्हें सहायक भूमिकाएं ही मिलीं। फिल्मों के साथ इंदर ने टेलीविजन पर भी काम किया। लोकप्रिय सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में उन्होंने मिहिर विरानी का किरदार निभाया, जिसने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई।

एक हादसे ने बदल दी जिंदगी

इंदर कुमार के करियर में सबसे बड़ा झटका फिल्म ‘मसीहा’ की शूटिंग के दौरान लगा। इस फिल्म में वह सुनील शेट्टी के साथ काम कर रहे थे। फिल्म के एक हेलीकॉप्टर स्टंट सीन के दौरान इंदर के साथ गंभीर हादसा हो गया और वह हेलीकॉप्टर से नीचे गिर पड़े। इस दुर्घटना में उन्हें काफी चोटें आईं। एक पुराने इंटरव्यू में इंदर ने बताया था कि डॉक्टर ने उन्हें करीब तीन साल बेड रेस्ट की सलाह दी थी। यहां तक कि उनके दोबारा अपने पैरों पर खड़े होने को लेकर भी आशंका जताई गई थी।

तीन साल फिल्मों से दूर रहे इंदर

इस हादसे की वजह से इंदर कुमार करीब तीन साल तक फिल्मों से दूर रहे। जब तक वह वापस लौटे, तब तक इंडस्ट्री का माहौल बदल चुका था और उनके करियर को इसका भारी नुकसान उठाना पड़ा। लगातार काम न मिलने से वह मानसिक रूप से भी परेशान रहने लगे थे। इसी दौरान उनके शराब की लत का शिकार होने की खबरें सामने आईं। वह सलमान खान के करीबी दोस्तों में शामिल थे। दोनों ने ‘कहीं प्यार ना हो जाए’ और ‘तुमको ना भूल पाएंगे’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया।

Inder Kumar Birth Anniversary
जो रात में उस वन में गया, कभी लौटकर नहीं आया, सिद्धार्थ मल्होत्रा- तमन्ना भाटिया की द वन का डरावना टीजर रिलीज

सलमान खान ने दिया था साथ

साल 2009 में सलमान खान ने इंदर कुमार को अपनी फिल्म ‘वॉन्टेड’ में काम करने का मौका दिया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई और इंदर को एक बार फिर पर्दे पर काम करने का अवसर मिला। इंदर कुमार ने 28 जुलाई 2017 को महज 43 साल की उम्र में हार्ट अटैक के कारण दुनिया को अलविदा कह दिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com