

Huma Qureshi On Toxic Movie Intimate Scenes: साउथ सिनेमा के दिग्गज एक्टर यश अपनी आने वाली फिल्म 'टॉक्सिक' को लेकर अचानक विवादों में आ गए हैं। हाल ही में जारी हुए इस फिल्म के नए टीजर ने सोशल मीडिया से लेकर सिनेमा जगत तक एक नई बहस छेड़ दी है। दर्शक इस समय फिल्म में दिखाए गए कुछ सीन को लेकर बेहद हैरान हैं।
इस एडवेंचरस और डार्क थ्रिलर फिल्म 'टॉक्सिक' के टीजर में पहली बार फिल्म की मुख्य अभिनेत्रियों की झलक दिखाई गई थी। लेकिन इस झलक के साथ ही कुछ बेहद बोल्ड और इंटीमेट सीन्स भी सामने आए, जिसने दर्शकों के एक बड़े वर्ग को नाराज कर दिया है। दर्शक अब सोशल मीडिया पर फिल्म की कहानी की मर्यादा को लेकर गंभीर सवाल उठा रहे हैं। कई दर्शकों का यह भी मानना है कि फिल्म में जरूरत से ज्यादा बोल्डनेस दिखाई गई है।
इंटरनेट पर हो रही भारी ट्रोलिंग के बीच फिल्म एक्ट्रेस हुमा कुरैशी ने अब अपनी चुप्पी तोड़ी है। हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में हुमा ने फिल्म का पुरजोर बचाव करते हुए आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
हुमा ने साफ किया कि 'दर्शकों ने अभी तक फिल्म की पूरी कहानी को नहीं समझा है। हुमा के अनुसार सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा देखकर किसी भी नतीजे पर पहुंचना पूरी तरह से गलत है। उन्होंने सभी से थोड़ा धैर्य रखने की अपील की है।'
हुमा कुरैशी ने बातचीत के दौरान राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकीं फिल्ममेकर गीतू मोहनदास के डायरेक्शन की जमकर तारीफ की। हुमा ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि आमतौर पर पुरुष प्रधान फिल्म इंडस्ट्री में किसी बड़े सुपरस्टार को महिला डायरेक्टर के निर्देशों पर काम करते हुए कम ही देखा जाता है।
लेकिन यश ने गीतू मोहनदास के अनोखे विजन पर पूरा भरोसा जताया है। एक महिला निर्देशक का इतनी बड़ी एक्शन फिल्म को संभालना बेहद गर्व की बात है।
इस मेगा बजट फिल्म 'टॉक्सिक' की स्क्रिप्ट बेहद दमदार बताई जा रही है, यही वजह है कि इसमें हुमा कुरैशी के साथ-साथ तारा सुतारिया, कियारा आडवाणी, नयनतारा और रुकमिणी वसंत जैसी भारतीय सिनेमा की टॉप अभिनेत्रियां एक साथ स्क्रीन शेयर कर रही हैं।
'टॉक्सिक' के गानों और दृश्यों पर मचे इतने बड़े बवाल के बाद भी फिल्म के निर्माता इसे तय समय पर ही रिलीज करने की तैयारी में हैं। यह फिल्म इसी साल 26 अगस्त 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में कई भाषाओं में एक साथ रिलीज की जाएगी।