रजनीकांत ने चाइल्ड आर्टिस्ट ऋतिक रोशन के लिए किया था कुछ ऐसा, सालों बाद अभिनेता ने सुनाया दिलचस्प किस्सा

Hrithik Roshan Childhood Story: रजनीकांत 'भगवान दादा' की शूटिंग के दौरान छोटे ऋतिक रोशन की गलतियों का इल्जाम खुद पर ले लेते थे, ताकि उन्हें शर्मिंदगी न हो। सालों बाद दोनों 'जेलर 2' में फिर साथ नजर आए।
Rajinikanth And Hrithik Roshan
रजनीकांत और ऋतिक रोशन(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • ऋतिक रोशन ने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्म 'भगवान दादा' में काम किया था।

  • उस समय ऋतिक की उम्र करीब 10 साल थी और वह रजनीकांत को 'रजनी अंकल' कहते थे।

  • शूटिंग के दौरान ऋतिक की गलतियों का इल्जाम रजनीकांत खुद पर ले लेते थे।

Hrithik Roshan And Rajinikanth Bhagwan Dada Shooting: ऋतिक रोशन आज बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक हैं। अपनी शानदार एक्टिंग, डांस और स्टाइल से उन्होंने इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई है। हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि ऋतिक ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट की थी। बचपन में उन्हें सुपरस्टार रजनीकांत के साथ काम करने का मौका मिला था।

रजनीकांत और ऋतिक रोशन ने साल 1986 में रिलीज हुई फिल्म 'भगवान दादा' में साथ काम किया था। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान रजनीकांत ने ऋतिक के साथ कुछ ऐसा किया था, जिसे याद कर आज भी अभिनेता भावुक हो जाते हैं। साल 2025 में डॉक्यू-सीरीज 'द रोशन्स' से जुड़े एक इवेंट के दौरान ऋतिक रोशन को बचपन की एक तस्वीर दिखाई गई थी।

रजनीकांत को प्यार से बुलाते थे रजनी अंकल

ऋतिक रोशन इस तस्वीर में अभिनेता रजनीकांत के साथ नजर आ रहे थे। इसे देखकर अभिनेता को फिल्म 'भगवान दादा' की शूटिंग के दिन याद आ गए। उस समय ऋतिक की उम्र करीब 10 साल थी। ऋतिक ने बताया कि बचपन में उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह कितने बड़े सुपरस्टार के साथ काम कर रहे हैं। वह रजनीकांत को प्यार से 'रजनी अंकल' कहकर बुलाते थे। उनके लिए रजनीकांत सिर्फ एक बड़े अभिनेता नहीं, बल्कि परिवार के करीबी सदस्य जैसे थे।

ऋतिक की गलतियों का इल्जाम खुद पर लेते थे रजनीकांत

ऋतिक ने शूटिंग से जुड़ा एक बेहद दिलचस्प और भावुक किस्सा भी साझा किया था। उन्होंने बताया कि बचपन में शूटिंग के दौरान उनसे कई बार गलतियां हो जाती थीं। इस वजह से उनके नाना और फिल्म के निर्देशक जे. ओम प्रकाश को बार-बार कट बोलना पड़ता था। लेकिन रजनीकांत इस दौरान ऋतिक का खास ध्यान रखते थे।

रजनीकांत नहीं चाहते थे कि एक छोटे बच्चे के तौर पर ऋतिक को अपनी गलतियों की वजह से शर्मिंदगी महसूस हो। इसलिए जब भी ऋतिक से कोई गलती होती, रजनीकांत उसका इल्जाम खुद पर ले लेते थे। ऋतिक ने बताया था कि हर बार जब भी मैं कोई गलती करता था, रजनी सर उसका इल्जाम अपने सिर ले लेते थे ताकि एक बच्चे के तौर पर मुझे अजीब या झिझक महसूस न हो।

जेलर 2 में फिर साथ आए नजर

सालों बाद ऋतिक रोशन और रजनीकांत एक बार फिर फिल्म 'जेलर 2' में साथ नजर आए। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में ऋतिक ने रूडी के किरदार में स्पेशल अपीयरेंस दिया। फिल्म में विद्या बालन, एस. जे. सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती और जैकी श्रॉफ जैसे कलाकार भी शामिल हैं। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने दुनियाभर में 833.65 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की।