

Hina Khan Rubina Dilaik Controversy: बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान की 61 साल की उम्र में गौरी स्प्रैट के साथ स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत रचाई गई तीसरी शादी लगातार चर्चा का केंद्र बनी हुई है। जहां मनोरंजन जगत में उनके इस फैसले पर मिले-जुले रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं, वहीं टेलीविजन की दो फेमस एक्ट्रेसेस रुबीना दिलैक और हिना खान ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय सामने रखी है। यूट्यूब शो 'द पॉइंट ऑफ व्यू' के दौरान दोनों के बीच हुई यह चर्चा अब एक नए विवाद का कारण बन चुकी है और दर्शक इन एक्ट्रेसेस की बातों से बेहद नाराज नजर आ रहे हैं।
'द पॉइंट ऑफ व्यू' शो में मेन बहस इस मुद्दे पर छिड़ी थी कि क्या किसी कलाकार का व्यक्तिगत आचरण उसकी व्यावसायिक सफलता को प्रभावित करता है। रुबीना दिलैक का मानना था कि यदि कोई एक्टर अच्छा इंसान नहीं है, तो जनता उसकी फिल्मों को नकार देती है। हालांकि जब बात आमिर खान के 3 निकाहों पर पहुंची तो दोनों अभिनेत्रियों की राय बंटी नजर आई। हिना ने तर्क दिया कि समाज बार-बार शादी करने वालों को आसानी से स्वीकार नहीं करता, जबकि रुबीना का कहना था कि आमिर के पास वफादार फैंस हैं जो उनके व्यक्तिगत जीवन से परे उनकी एक्टिंग को पसंद करते हैं।
शो के दौरान हिना खान ने साफ किया कि आम जनता के मन में यह सवाल जरूर उठता है कि कोई व्यक्ति बार-बार रिश्ते क्यों बदल रहा है। उन्होंने आमिर खान की अपनी पूर्व पत्नियों रीना दत्ता और किरण राव के साथ कायम दोस्ताना संबंधों की सराहना भी की।
इसके बावजूद उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हमारा सामाजिक ताना-बाना एक से अधिक शादियों और तलाक को सहजता से नहीं लेता है। इस पर रुबीना ने सवाल उठाया कि किसी को उसके निजी फैसलों के आधार पर क्यों आंका जाना चाहिए।
दोनों एक्ट्रेसेस ने भले ही आमिर खान के व्यक्तिगत व्यवहार और पूर्व पत्नियों के साथ उनके मधुर संबंधों की तारीफ की हो, लेकिन दर्शकों को उनका दूसरों की जिंदगी पर इस तरह चर्चा करना पसंद नहीं आया।
सोशल मीडिया पर इस शो का क्लिप सामने आते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कई यूजर्स ने अभिनेत्रियों को ट्रोल करते हुए कहा कि उनके पास कोई काम नहीं बचा है, इसलिए वे दूसरों की निजी जिंदगी पर टीप टिप्पणी कर रही हैं। कुछ यूजर्स ने तो हिना खान को अनफॉलो करने तक का ऐलान कर दिया।