

Hanuman Ansh Worldwide Release: नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने रिलीज के कुछ ही हफ्तों में अपनी लागत से कई गुना ज्यादा कमाई कर ली है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित होने के बाद अब मेकर्स इसे दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी में हैं।
'हनुमान अंश' को बनाने वाली कंपनी होम्बले फिल्म्स ने फिल्म की इंटरनेशनल रिलीज को लेकर बड़ा अपडेट शेयर किया है। मेकर्स के मुताबिक, यह हिंदी डिवोशनल ड्रामा 11 सितंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ग्लोबल रिलीज की घोषणा करते हुए मेकर्स ने लिखा कि आस्था पर आधारित यह कहानी अब सरहदों के पार अपने सफर पर निकल रही है। फिल्म के जरिए महाराज जी का आध्यात्मिक सफर अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।
भारत में 'हनुमान अंश' का प्रदर्शन लगातार मजबूत बना हुआ है। फिल्म ने रिलीज के 27 दिनों में करीब 61.88 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर ली है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन लगभग 72.97 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। सिर्फ 2 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई फिल्म के आंकड़े इसे बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता साबित करते हैं। अब मेकर्स को उम्मीद है कि विदेशों में भी फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलेगा।
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी 'हनुमान अंश' एक आध्यात्मिक ड्रामा है। इसकी कहानी नीम करौली बाबा, जिन्हें भक्त महाराज जी के नाम से भी जानते हैं, के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित है। फिल्म में शोभिनव सत्या ने नीम करौली बाबा की भूमिका निभाई है, जबकि विहान शेडगे कहानी के दूसरे चरण में महाराज जी के किरदार में नजर आते हैं। चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे भी फिल्म का हिस्सा हैं।
'हनुमान अंश' के जरिए मेकर्स सिर्फ एक फिल्म को इंटरनेशनल मार्केट में रिलीज नहीं कर रहे, बल्कि नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक विरासत और उनकी शिक्षाओं को दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। अब 11 सितंबर को यह भक्तिमय कहानी देश के साथ-साथ विदेशों के सिनेमाघरों में भी दर्शकों से रूबरू होगी।