

Hanuman Ansh Box Office Collection: भारतीय सिनेमा के इतिहास में कभी-कभी ऐसी फिल्में आती हैं जो बिना किसी बड़े पब्लिसिटी के दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बना लेती हैं। प्रसिद्ध संत नीम करोली बाबा के जीवनी पर आधारित फिल्म हनुमान अंश इस समय सिनेमाघरों में कुछ ऐसा ही चमत्कार कर रही है। बेहद कम बजट में तैयार हुई इस फिल्म ने चौथे हफ्ते में एंट्री करने के बाद भी कमाई की अपनी रफ्तार को कम नहीं होने दिया है। दर्शकों के बीच मजबूत माउथ पब्लिसिटी के चलते यह फिल्म हर बीतते दिन के साथ सफलता के नए रिकॉर्ड बना रही है।
रिलीज के चौथे हफ्ते में जहां आम तौर पर फिल्मों का कलेक्शन धीमा पड़ जाता है, वहीं इस फिल्म के आंकड़ों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने अपने 28वें दिन यानी चौथे गुरुवार को भारत में करीब 11 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। यह आंकड़ा 27वें दिन हुई कमाई के मुकाबले लगभग 41.9 प्रतिशत ज्यादा है। देश भर के 7,000 से ज्यादा शोज में दर्शकों की भारी उपस्थिति ने इस आंकड़े को मुमकिन बनाया है।
फिल्म 'हनुमान अंश' का बजट और उसकी कुल कमाई की तुलना की जाए तो यह मुकाबला ऐतिहासिक नजर आता है। महज 2 करोड़ रुपये से भी कम के बजट में बनी इस फिल्म ने अब तक घरेलू बाजार में 72.88 करोड़ रुपये का नेट और लगभग 85.97 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। अपनी शुरुआती कमाई से कई गुना ज्यादा प्रॉफिट कमाकर यह साल 2026 की सबसे बड़ी और सबसे अप्रत्याशित हिट फिल्मों की लिस्ट में सबसे ऊपर शामिल हो गई है।
फिल्म 'हनुमान अंश' की सफलता के पीछे मुख्य वजह इसकी सरल और दिल को छू लेने वाली कहानी है। डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म एक बालक के सफर को दर्शाती है जो अपनी दिवंगत मां की खोज में निकलता है और बाबा नीम करोली के पावन सानिध्य और श्री राम भक्ति में लीन हो जाता है। सुरीले भजनों और सादगी भरी एक्टिंग ने देश के साथ-साथ विदेश में रहने वाले दर्शकों के दिलों को भी गहराई से छू लिया है।