

Giancarlo Esposito Converts To Islam: एंटरटेंमेंट की दुनिया से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरी दुनिया के सिनेप्रेमियों को हैरान करके रख दिया है। हॉलीवुड के सबसे दमदार और फेमस एक्टर्स में शुमार जियानकार्लो ग्यूसेप एलेसेंड्रो एस्पोसिटो ने इस्लाम धर्म कुबूल कर लिया है। अपनी बेहतरीन एक्टिंग से लाखों दिलों पर राज करने वाले इस कलाकार ने सऊदी अरब में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान यह बड़ा फैसला लिया। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें जियानकार्लो ग्यूसेप मस्जिद में नमाज अदा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस पूरी घटना की शुरुआत सऊदी अरब में एक बड़े फिल्म प्रोजेक्ट के साथ हुई थी।
बता दें कि तुर्की अल शेख के जनरल एंटरटेनमेंट ऑफिसर की ओर से शेयर की गई जानकारी के अनुसार जियानकार्लो ने सऊदी अरब में शहादा पढ़कर ऑफिशियली तौर पर इस्लाम को स्वीकार किया है। बताया जा रहा है कि शूटिंग के दौरान वहां के स्थानीय लोगों और खास समुदाय के सदस्यों के साथ उनका अनुभव बेहद कमाल का रहा था। वहां मिले अपनेपन, सादगी और बेहतरीन मेहमाननवाजी ने उनके दिल को इस कदर छू लिया कि उन्होंने इस इस्लाम धर्म को अपनाने का फैसला कर लिया।
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, वह मोरक्को की एक ऐतिहासिक मस्जिद का बताया जा रहा है। बता दें कि इस वीडियो में 68 साल हॉलीवुड एक्टर अपनी फिल्म की प्रोडक्शन टीम और कुछ स्थानीय कर्मचारियों के साथ पूरी शिद्दत से नमाज पढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
हॉलीवुड में जियानकार्लो एस्पोसिटो का नाम किसी पहचान का मोहताज नहीं है। उन्होंने कल्ट अमेरिकी ड्रामा सीरीज 'breaking bad'में गस फ्रिंग नाम के बेहद खूंखार और ठंडे दिमाग वाले विलेन का रोल निभाकर ग्लोबल पॉपुलेरिटी हासिल की थी।
इसके अलावा जियानकार्लो एस्पोसिटो 'द बॉयज', 'द मंडलोरियन' और 'कैप्टन अमेरिका: ब्रेव सोल्जर' जैसी कई ऐतिहासिक फिल्मों और सीरीज में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके हैं। अब उनकी इस नई धार्मिक यात्रा को लेकर सोशल मीडिया में लगातार चर्चाएं हो रही हैं।
एक्टर जियानकार्लो एस्पोसिटो पिछले कुछ टाइम से वहां अपनी आने वाली फिल्म 'सेवन डॉग्स' की शूटिंग में बिजी थे। यह फिल्म सऊदी अरब के सिनेमाई इतिहास की सबसे महत्वाकांक्षी और बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही है।
इस फिल्म में भारतीय सिनेमा के दिग्गज कलाकार सलमान खान और संजय दत्त भी विशेष भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। इसी फिल्म के सेट पर बिताए वक्त ने अमेरिकी अभिनेता की जिंदगी को हमेशा के लिए बदल कर रख दिया।