Genelia D Souza Birthday: शादी के एक महीने बाद फूट-फूटकर रोई थीं जेनेलिया डिसूजा, वजह जान हंस पड़ेंगे आप

Genelia Riteish Deshmukh Love Story: जेनेलिया डिसूजा ने शादी के 1 महीने बाद रोने की वजह का खुलासा किया था। पति रितेश देशमुख की समझदारी और सही सलाह ने उनके रिश्ते को एक नई दिशा दी।
Genelia D Souza Birthday
रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Genelia D Souza Birthday Special: बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा और फेमस जोड़ों में रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा का नाम सबसे पहले आता है। दोनों की केमिस्ट्री और आपसी समझ की मिसाल अक्सर दी जाती है। लगभग 1 दशक तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद इस जोड़ी ने साल 2012 में शादी रचाई थी। शादी के बाद उनकी लाइफ बेहद खुशहाल दिखती है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि शादी के ठीक एक महीने बाद जेनेलिया अचानक रो पड़ी थीं। उनके इस तरह भावुक होने के पीछे एक ऐसी वजह थी, जिसने रितेश को भी हैरान कर दिया था।

एक महीने बीतने के बाद एक सुबह जेनेलिया अचानक परेशान हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। सुबह-सुबह पत्नी को इस तरह रोते देखकर रितेश देशमुख घबरा गए। उन्होंने फौरन जेनेलिया से पूछा कि आखिर क्या बात है और क्या वह किसी बात से दुखी हैं। जेनेलिया ने उस वक्त जो जवाब दिया, वह किसी भी कामकाजी महिला के जीवन के एक बड़े बदलाव को बयां करता है। उन्होंने बताया कि वह अपने जीवन की नई रफ्तार और खालीपन को संभाल नहीं पा रही थीं।

लगातार काम करने की आदत और अचानक आई खाली दिनचर्या

जेनेलिया ने बेहद कम उम्र में ही एक्टिंग की दुनिया में कदम रख दिया था। महज 16-17 साल की उम्र से वह लगातार फिल्मों की शूटिंग, ब्रांड शूट और यात्राओं में बिजी रहती थीं। साउथ सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक उन्होंने बिना रुके कई-कई पारियों में काम किया था।

शादी के फौरन बाद जब उन्होंने काम से छोटा सा ब्रेक लिया, तो रोज सुबह सज-धजकर घर पर खाली बैठना उन्हें अजीब लगने लगा। इतने सालों की भागदौड़ के बाद अचानक मिली इस फुरसत ने उन्हें मानसिक रूप से असहज कर दिया था।

Genelia D Souza Birthday
रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)

रितेश देशमुख के शांत व्यवहार और सलाह ने बदला नजरिया

अपनी पत्नी की बात सुनकर रितेश देशमुख ने बेहद परिपक्वता और प्यार से स्थिति को संभाला। उन्होंने जेनेलिया को समझाया कि शादी का मतलब अपने अस्तित्व या अपनी पसंद के काम को छोड़ देना बिल्कुल नहीं होता है।

रितेश ने उनसे कहा कि यदि उन्हें काम करना पसंद है, तो उन्हें खुद को घर तक सीमित रखने की जरूरत नहीं है। उन्होंने जेनेलिया को अपनी इच्छा के अनुसार फिल्में चुनने और अपनी पहचान बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस सलाह ने जेनेलिया के मन का सारा बोझ फौरन हल्का कर दिया।

Genelia D Souza Birthday
Kajol Devgan Birthday: जब DDLJ को बताया था टपोरी! जानिए काजोल से जुड़े कुछ ऐसे किस्से, जो कम ही लोग जानते हैं

दशक भर के प्यार और मजबूत रिश्ते की खूबसूरत मिसाल

साल 2003 में अपनी पहली फिल्म तुझे मेरी कसम के सेट से शुरू हुआ यह रिश्ता आज भी उतना ही तरोताजा नजर आता है। दोनों ने समय के साथ एक-दूसरे की जरूरतों और स्वतंत्रता का हमेशा सम्मान किया है।

आज जेनेलिया डिसूजा और रितेश देशमुख न केवल दो बच्चों के माता-पिता हैं, बल्कि व्यावसायिक तौर पर भी साथ मिलकर काम कर रहे हैं। शादी के शुरुआती दौर का वह एक भावुक पल उनके रिश्ते को और अधिक परिपक्व तथा मजबूत बनाने का जरिया साबित हुआ।

हाल ही में रिलीज रितेश देशमुख की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार की थी। ‘राजा शिवाजी’ छत्रपति शिवाजी महाराज की जीवन पर आधारित है। इस फिल्म में कई अनछुए पहलू दिखाए गए हैं। इस वजह से फिल्म इमोशनल बन गई। ‘राजा शिवाजी’ हिंदी और मराठी भाषा में बॉक्स ऑफिस पर रिलीज की गई थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com