

Femina Miss India 2026 Winner Announcement: 61वें फेमिना मिस इंडिया 2026 में देश को नई मिस इंडिया मिल गई है। गोवा की साध्वी सतिश शैल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। जैसे ही उनके नाम की घोषणा हुई, पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस बार प्रतियोगिता का आयोजन कलिंग औद्योगिक प्रौद्योगिकी संस्थान में किया गया, जहां देशभर से 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान कई राउंड आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों ने अपने आत्मविश्वास, प्रतिभा और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया।
फाइनल राउंड में साध्वी सैल ने अपनी ग्रेस और प्रेजेंस से जजों और दर्शकों का दिल जीत लिया। उनके साथ महाराष्ट्र की राजनंदिनी पवार फर्स्ट रनर-अप और यूनियन टेरिटरी की श्री अद्वैता सेकंड रनर-अप रहीं। तीनों के बीच अंतिम दौर में कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
इस जीत के साथ साध्वी सैल अब मिस वर्ल्ड 2027 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हो रही है और उन्हें बधाइयां दी जा रही हैं।
साध्वी सैल गोवा की रहने वाली हैं और उन्होंने इकोनॉमिक्स और इंटरनेशनल रिलेशन में ग्रेजुएशन किया है। उन्हें सात भाषाओं का ज्ञान है, जिसे वे बोलने और लिखने में दक्ष हैं। उनकी बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें प्रतियोगिता में खास पहचान दिलाई।
इस ग्रैंड इवेंट में कई मशहूर हस्तियों ने शिरकत की, जिनमें डायरेक्टर मधुर भंडारकर, लेजेंड एक्ट्रेस जीनत अमान, एक्ट्रेस सेलिना जेटली, कोरियोग्राफर टेरेंस लुईस और एक्ट्रेस नेहा धुपिया शामिल थे।
प्रतियोगिता के टॉप 8 में याशिका शर्मा, श्रेया ठाकुर, धनुश्री चौहान, परी कूपर, अद्वैता, राजनंदिनी पंवार, तरु शीरा और साध्वी सैल शामिल रहीं। वहीं गायक Jubin Nautiyal ने अपने संगीत से समां बांधा और Maniesh Paul ने शो को होस्ट किया।