

Emraan Hashmi Film Awarapan Fees: अभिनेता इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ का टीजर रिलीज होने के बाद फैंस की उत्सुकता चरम पर है। करीब 19 साल बाद इमरान एक बार फिर शिवम पंडित के अपने लोकप्रिय किरदार में वापसी कर रहे हैं। फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस बीच, 2007 में रिलीज हुई पहली फिल्म ‘आवारापन’ से जुड़ी कई दिलचस्प बातें फिर चर्चा में हैं, जिनमें स्टार कास्ट की फीस भी शामिल है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘आवारापन’ में मुख्य भूमिका निभाने के लिए इमरान हाशमी को करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपये फीस दी गई थी। उस दौर में यह रकम उनके करियर की बड़ी फीस में से एक मानी जाती थी। फिल्म में उनके निभाए गए शिवम पंडित के किरदार और दमदार अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया। समय के साथ यह रोल इमरान के सबसे यादगार किरदारों में शामिल हो गया।
फिल्म में फीमेल लीड निभाने वाली अभिनेत्री श्रिया सरन को कथित तौर पर 40 से 50 लाख रुपये फीस मिली थी। वहीं, अनुभवी अभिनेता आशुतोष राणा, जिन्होंने फिल्म में भरत दाऊद मलिक का किरदार निभाया था, उन्हें करीब 30 से 40 लाख रुपये मिले थे। इसके अलावा पुरु कोहली ने 20 से 25 लाख रुपये, जबकि शाद रंधावा ने 15 से 20 लाख रुपये फीस चार्ज की थी।
मोहित सूरी के निर्देशन में बनी ‘आवारापन’ का बजट लगभग 18 करोड़ रुपये था। हालांकि, शुरुआती रिलीज के दौरान फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी और दुनिया भर में करीब 12.25 करोड़ रुपये की कमाई के साथ फ्लॉप साबित हुई। लेकिन समय बीतने के साथ फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। खासकर इसकी कहानी, इमरान हाशमी की परफॉर्मेंस और शानदार संगीत ने इसे कल्ट फिल्मों की सूची में शामिल कर दिया।
दिलचस्प बात यह है कि भारत में बॉक्स ऑफिस पर असफल रहने के बावजूद ‘आवारापन’ को पाकिस्तान में जबरदस्त सफलता मिली थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने वहां अकेले करीब 8 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जो उस समय के हिसाब से बड़ी उपलब्धि मानी गई। अब ‘आवारापन 2’ के जरिए इमरान हाशमी एक बार फिर अपने सबसे लोकप्रिय किरदार के साथ बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं।