Ek Din का दूसरा ट्रेलर रिलीज, जुनैद खान और साई पल्लवी की केमिस्ट्री में दिखा एकतरफा प्यार का दर्द

Ek Din Release Date: जुनैद खान और साई पल्लवी की फिल्म ‘एक दिन’ का दूसरा ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में एकतरफा प्यार, याददाश्त खोने और अधूरी मोहब्बत की इमोशनल कहानी दिखाई गई है।
Junaid Khan And Sai Pallavi Film Ek Din Trailer
एक दिन का दूसरा ट्रेलर रिलीज (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Junaid Khan And Sai Pallavi Film Ek Din Trailer: बॉलीवुड की अपकमिंग रोमांटिक फिल्म एक दिन का दूसरा ट्रेलर रिलीज हो गया है, जो दर्शकों के दिलों को छू रहा है। जुनैद खान और साई पल्लवी की जोड़ी इस फिल्म में पहली बार साथ नजर आ रही है। ट्रेलर में एकतरफा प्यार, मासूमियत और दर्द का खूबसूरत मिश्रण देखने को मिलता है।

एक दिन की ट्रेलर की शुरुआत ऑफिस की एक साधारण जिंदगी से होती है, जहां जुनैद खान का किरदार एक शांत और संकोची युवक का है। वह अपनी सहकर्मी मीरा यानी साई पल्लवी से प्यार करता है, लेकिन अपने जज़्बात जाहिर नहीं कर पाता। दूर से उसे देखना और अपने मन में उसके साथ सपने बुनना ही उसकी दुनिया बन जाता है।

जापान में कहानी लेती है नया मोड़

कहानी में दिलचस्प ट्विस्ट तब आता है, जब ऑफिस का पूरा स्टाफ काम के सिलसिले में जापान जाता है। वहां मीरा का एक्सीडेंट हो जाता है और उसे ट्रांजिएंट ग्लोबल एमनेशिया हो जाता है, जिसमें व्यक्ति कुछ समय के लिए अपनी याददाश्त खो देता है। इस स्थिति में मीरा को सिर्फ जुनैद का किरदार ही याद रहता है, क्योंकि वही उसकी जान बचाता है। डॉक्टर बताते हैं कि यह स्थिति सिर्फ एक दिन के लिए है और अगले दिन मीरा सब कुछ भूल जाएगी।

एक दिन का प्यार, उम्रभर का दर्द

ट्रेलर में दिखाया गया है कि जुनैद खान का किरदार इस सच्चाई को जानते हुए भी उस एक दिन को खास बनाने में जुट जाता है। दोनों के बीच बिताए गए पल, छोटी-छोटी खुशियां और भावनात्मक जुड़ाव कहानी को बेहद खास बनाते हैं। यह जानते हुए कि यह रिश्ता अगले दिन खत्म हो जाएगा, जुनैद हर पल को जीने की कोशिश करता है। यही अधूरापन और एकतरफा प्यार फिल्म को गहराई देता है।

दमदार केमिस्ट्री और रिलीज डेट

जुनैद खान और साई पल्लवी की केमिस्ट्री ट्रेलर में काफी असरदार नजर आ रही है। फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है, जबकि आमिर खान और मंसूर खान इसके प्रोड्यूसर हैं। यह इमोशनल रोमांटिक ड्रामा 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, जिससे दर्शकों को एक दिल छू लेने वाली कहानी का इंतजार है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com