रिलीज के सिर्फ 3 दिन बाद ZEE5 से गायब हुई दिलजीत दोसांझ की 'सतलुज', आखिर क्यों हटानी पड़ी विवादित फिल्म?

Satluj Zee5 Removal: दिलजीत दोसांझ की 'सतलुज' रिलीज के तीन दिन बाद ZEE5 से हटा दी गई है। प्लेटफॉर्म ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि मौजूदा परिस्थितियों के चलते फिल्म फिलहाल भारत में उपलब्ध नहीं होगी।
Diljit Dosanjh Film Satluj Zee5 OTT Removal Jaswant Singh Khalra Story
दिलजीत दोसांझ की सतलुज (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Diljit Dosanjh Film Satluj: पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' एक बार फिर विवादों में आ गई है। लंबे कानूनी और सेंसर बोर्ड विवाद के बाद 3 जुलाई को जी5 पर रिलीज हुई यह फिल्म अब महज तीन दिन के भीतर ही प्लेटफॉर्म से हटा दी गई है। फिल्म को हटाए जाने की जानकारी खुद जी5 ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए साझा की। इस फैसले ने फिल्म के दर्शकों और दिलजीत के फैंस को हैरान कर दिया है।

जी5 ने अपने बयान में कहा कि फिल्म को रिलीज के बाद दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली और प्लेटफॉर्म उन सभी दर्शकों का आभारी है जिन्होंने फिल्म को देखा और सपोर्ट किया। हालांकि, मौजूदा परिस्थितियों और हालिया घटनाक्रम को देखते हुए 'सतलुज' को अगले आदेश तक भारत में स्ट्रीमिंग से हटा दिया गया है। प्लेटफॉर्म ने यह भी स्पष्ट किया कि वह फिल्म और इसके पीछे की रचनात्मक सोच के साथ मजबूती से खड़ा है।

आसान नहीं सतलुज की रिलीज का सफर

बयान में कहा गया कि दमदार कहानियां समाज पर गहरा प्रभाव छोड़ती हैं और जी5 ऐसी कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी ने भरोसा दिलाया कि सभी जरूरी कानूनी और प्रक्रिया संबंधी कदम पूरे होने के बाद फिल्म को दोबारा उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी। 'सतलुज' की रिलीज का सफर आसान नहीं रहा।

तीन साल तक सेंसर विवाद में फंसी रही फिल्म

सतलुज पहले 'पंजाब '95' नाम से बनाई गई थी और इसका निर्देशन हनी त्रेहान ने किया है। फिल्म कई वर्षों तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के साथ सर्टिफिकेशन विवाद में उलझी रही। फिल्म निर्माताओं का आरोप था कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म में 127 कट लगाने की मांग की थी, जिसके चलते इसकी रिलीज लगातार टलती रही। आखिरकार फिल्म को नए नाम 'सतलुज' के साथ डिजिटल रिलीज की मंजूरी मिली और इसे जी5 पर स्ट्रीम किया गया।

जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर आधारित है कहानी

फिल्म की कहानी प्रसिद्ध मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन और उनके संघर्ष पर आधारित है। दिलजीत दोसांझ ने मुख्य भूमिका निभाई है, जबकि कंवलजीत सिंह, अर्जुन रामपाल, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओल्यान भी अहम किरदारों में नजर आते हैं। फिलहाल ZEE5 ने यह साफ नहीं किया है कि फिल्म को दोबारा कब स्ट्रीम किया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com