Dharmendra Death Anniversary: कभी स्टूडियो के चक्कर काटते थे धर्मेंद्र, फिर एक बस यात्रा ने बदल दी किस्मत

Dharmendra Journey: 13 साल की उम्र में दिलीप कुमार को देखकर हीरो बनने का सपना देखने वाले धर्मेंद्र को पहली फिल्म के लिए 51 रुपए मिले थे। संघर्ष से उन्होंने बॉलीवुड में ही-मैन की पहचान बनाई।
Dharmendra Death Anniversary Special
अभिनेता धर्मेंद्र(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • धर्मेंद्र ने 13 साल की उम्र में दिलीप कुमार को देखकर अभिनेता बनने का सपना देखा था।

  • 1958 में फिल्मफेयर का न्यू टैलेंट हंट जीतने के बाद भी उन्हें कई महीनों तक काम नहीं मिला।

  • 1960 में फिल्म 'दिल भी तेरा हम भी तेरे' से डेब्यू किया और पहली फीस के रूप में 51 रुपए मिले।

Dharmendra Struggle Life Story: हिंदी सिनेमा के ही-मैन धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर उनकी जिंदगी और फिल्मी सफर से जुड़े कई दिलचस्प किस्से याद किए जा रहे हैं। 13 साल की उम्र में दिलीप कुमार को पर्दे पर देखकर अभिनेता बनने का सपना देखने वाले धर्मेंद्र ने अपनी मेहनत और जुनून के दम पर बॉलीवुड में खास पहचान बनाई।

पंजाब के एक छोटे से गांव से मुंबई पहुंचे अभिनेता धर्मेंद्र को शुरुआती दिनों में काम के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। हालात ऐसे थे कि फिल्मफेयर टैलेंट हंट जीतने के बाद भी उन्हें कई महीनों तक काम नहीं मिला। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और आखिरकार हिंदी सिनेमा के बड़े सितारों में शामिल हो गए। 24 नवंबर 2025 को 89 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। वह अपने पीछे 300 से ज्यादा फिल्मों और यादगार किरदारों की विरासत छोड़ गए।

दिलीप कुमार को देखकर लिया था अभिनेता बनने का फैसला

धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसराली गांव में हुआ था। उनका पूरा नाम धर्मेंद्र केवल कृष्ण देओल था। उनके पिता केवल कृष्ण सिंह देओल स्कूल में शिक्षक थे। बचपन से ही फिल्मों में दिलचस्पी रखने वाले धर्मेंद्र ने करीब 13 साल की उम्र में फिल्म 'शहीद' देखी थी। इसमें दिलीप कुमार को देखकर वह इतने प्रभावित हुए कि अभिनेता बनने का सपना देखने लगे।

Dharmendra Death Anniversary Special
दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में बच्चों और मेट्रो का भी जिक्र
Dharmendra Death Anniversary Story
अभिनेता धर्मेंद्र(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)

दिलीप कुमार से मिलने का उनका जुनून इस हद तक था कि 1952 में मुंबई पहुंचकर वह सीधे उनके घर चले गए। वहां कोई सुरक्षा गार्ड नहीं था, इसलिए वह घर के अंदर दाखिल हो गए और दिलीप कुमार के बेडरूम तक पहुंच गए। उस समय अभिनेता सो रहे थे। उनकी नींद खुली तो धर्मेंद्र घबराकर वहां से भाग निकले। साल 1997 में 42वें फिल्मफेयर अवॉर्ड समारोह में दिलीप कुमार ने ही धर्मेंद्र को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया था।

टैलेंट हंट जीतने के बाद भी काम के लिए भटके

धर्मेंद्र को फिल्मों में पहला बड़ा मौका 1958 में फिल्मफेयर मैगजीन के न्यू टैलेंट हंट के जरिए मिला। प्रतियोगिता जीतने के बाद उन्हें लगा कि अब फिल्मों में काम मिलना आसान होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वह कई महीनों तक स्टूडियो और निर्माताओं के दफ्तरों के चक्कर लगाते रहे। एक समय ऐसा भी आया जब उन्होंने निराश होकर मुंबई छोड़ने का मन बना लिया था। तभी अभिनेता मनोज कुमार ने उन्हें दो महीने और रुककर कोशिश करने की सलाह दी।

बस में हुई मुलाकात ने दिलाई पहली फिल्म

धर्मेंद्र की किस्मत एक दिन बस में चमकी। अंधेरी जाने वाली बस में उनकी मुलाकात निर्देशक अर्जुन हिंगोरानी से हुई। हिंगोरानी उन्हें पहले से जानते थे। उन्होंने निर्माता टीएम बिहारी से धर्मेंद्र के बारे में बात की और उन्हें पहली फिल्म मिल गई। 1960 में रिलीज हुई 'दिल भी तेरा हम भी तेरे' से धर्मेंद्र ने हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया। इस फिल्म के लिए उन्हें महज 51 रुपए मिले थे। तीन निर्माताओं ने अपनी जेब से 17-17 रुपए निकालकर उनकी पहली फीस चुकाई थी।

Dharmendra Death Anniversary
अभिनेता धर्मेंद्र(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)

फूल और पत्थर ने बनाया बॉलीवुड का ही-मैन

धर्मेंद्र ने शुरुआती दौर में शोला और शबनम, अनपढ़, बंदिनी और हकीकत जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि, 1966 में आई फूल और पत्थर उनके करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई। फिल्म की सफलता ने उन्हें लोकप्रिय सितारों की कतार में खड़ा कर दिया। इसके बाद मेरा गांव मेरा देश, यादों की बारात, जुगनू, धरम वीर और चरस जैसी फिल्मों ने उन्हें एक्शन स्टार के रूप में स्थापित किया।