दलेर मेहंदी पर शराब पीने के आरोप से भड़के सितारे, शिल्पा शेट्टी और शान समेत 6 सेलेब्स ने ऐसे किया बचाव

Daler Mehndi Controversy: दलेर मेहंदी पर लगे आरोपों के बाद विवाद बढ़ गया है। मीका सिंह, शिल्पा शेट्टी, कपिल शर्मा, हर्षदीप कौर, शान और पलाश सेन समेत कई सितारे सिंगर के समर्थन में सामने आए।
Shilpa Shetty And Shaan
शान, दलेर मेहंदी और शिल्पा शेट्टी(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल के आरोपों के बाद दलेर मेहंदी विवादों में आ गए।

  • मीका सिंह ने दलेर मेहंदी का समर्थन करते हुए आरोपों पर सवाल उठाए।

  • शिल्पा शेट्टी और अलीशा चिनॉय ने दलेर मेहंदी के समर्थन में अपनी बात रखी।

  • शान और हर्षदीप कौर समेत कई सिंगर्स ने दलेर मेहंदी के प्रति सम्मान जताया।

  • कपिल शर्मा और पलाश सेन की प्रतिक्रियाओं ने भी इस विवाद को चर्चा में ला दिया।

Shilpa Shetty And Shaan Support Daler Mehndi: सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों उत्तराखंड में अपनी एक परफॉर्मेंस को लेकर विवादों में हैं। नवरात्रि के दौरान कुंजापुरी मेले में हुए इस विवाद के बाद अब एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के कई सितारे उनके समर्थन में उतर आए हैं। मीका सिंह के बाद सिंगर हर्षदीप कौर, शान और अलीशा चिनॉय के अलावा एक्टर नील नितिन मुकेश, कॉमेडियन कपिल शर्मा और सिंगर पलाश सेन ने भी दलेर मेहंदी का पक्ष लिया है। सभी ने दलेर मेहंदी के योगदान और उनके प्रति सम्मान जाहिर किया।

दरअसल, उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में परफॉर्मेंस के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी के गायन पर सवाल उठाए थे। उन पर लिप-सिंकिंग करने और शराब के नशे में स्टेज पर आने के आरोप लगाए गए। इसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया। दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह ने इन आरोपों पर नाराजगी जताते हुए उनका बचाव किया और मीडिया से तथ्यों की जांच करने की अपील की।

हर्षदीप कौर और शान ने की तारीफ

मीका सिंह के वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंगर हर्षदीप कौर ने दलेर मेहंदी को दिग्गज कलाकार बताया। उन्होंने कहा कि संभव है कि उस दिन उनकी तबीयत ठीक न रही हो, क्योंकि जब वह स्टेज पर होते हैं, तो अपनी आवाज और ऊर्जा से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर देते हैं। वहीं, सिंगर शान ने भी दलेर मेहंदी का समर्थन करते हुए उन्हें असली रॉकस्टार बताया। उनके मुताबिक, दलेर मेहंदी ने दुनिया को दिखाया है कि स्टेज पर अपनी आवाज और अंदाज से कैसे धमाल मचाया जाता है।

Shilpa Shetty And Shaan
Dussehra Special: अरविंद त्रिवेदी से लेकर सैफ अली खान तक, पर्दे पर रावण बनकर इन 4 कलाकारों ने बटोरी वाहवाही

शिल्पा शेट्टी और अलीशा चिनॉय ने जताया दुख

एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने दलेर मेहंदी की काबिलियत पर सवाल उठाए जाने को दुखद बताया। उन्होंने उनके जल्द इस मुश्किल दौर से उबरने की कामना की। वहीं, अलीशा चिनॉय ने कहा कि दलेर मेहंदी ने अपने दमदार संगीत से लोगों का दिल जीता है और उन्हें किसी के सामने अपनी प्रतिभा साबित करने की जरूरत नहीं है।

कपिल शर्मा और पलाश सेन ने सेहत का किया जिक्र

कपिल शर्मा ने दलेर मेहंदी की गंभीर सर्जरी का जिक्र करते हुए लोगों से एक-दूसरे के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की। नील नितिन मुकेश ने भी उनके परिवार के प्रति प्यार और सम्मान जाहिर किया। वहीं, सिंगर पलाश सेन ने भावुक पोस्ट साझा करते हुए दलेर मेहंदी को अपना भाई बताया। उन्होंने दावा किया कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते। पलाश ने कहा कि कलाकारों की तबीयत खराब हो सकती है, लेकिन वे अपने प्रशंसकों को निराश नहीं करना चाहते।

Navbharat Live
navbharatlive.com