

मुंबई : टीवी एक्ट्रेस (TV Actress) चारु असोपा (Charu Asopa) ने अपने सोशल मीडिया (Social Media) अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें एक्ट्रेस रोते हुए आपबीती बता रही हैं। दरअसल, एक्ट्रेस को मुंबई में रहने के लिए घर नहीं मिल रहा है। एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि उन्हें केवल इसलिए कोई घर देने के लिए तैयार नहीं है क्योंकि वो एक सिंगल मदर हैं।
चारु असोपा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए एक लंबा-चौड़ा नोट भी लिखा है। एक्ट्रेस ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “हमारी सोसाइटी में एक औरत चाहे कुछ भी कर ले, कितना भी कर ले, लेकिन लोगों की सोच कभी नहीं बदल सकती। आज भी एक औरत को घर देने से पहले उसके साथ किसी मर्द का नाम जुड़ा है या नहीं देखा जाता है और अगर नहीं तो उसे घर नहीं दिया जाता है।”
चारु असोपा ने आगे लिखा, “दुख होता है हमारे देश की औरत का ये हाल देखकर और ये लोग जो घर देने से मना करते हैं बाहर जाकर वुमन एम्पावरमेंट के नाम पर बड़े-बड़े भाषण देते हैं। आज फिर से मुझे एक सोसाइटी में घर देने से मना किया गया क्योंकि मैं एक सिंगल मदर हूं और सोचने वाली बात ये है कि मना करने वाली एक औरत ही थी। जिस देश में औरत को पूजा जाता है उसी देश में औरत की ये दशा है।”
बता दें कि चारु असोपा और बॉलीवुड एक्ट्रेस सुष्मिता सेन के भाई राजीव सेन ने गोवा में डेस्टिनेशन वेडिंग की थी। चारु और राजीव की एक बेटी भी है। जिसका नाम जियाना है। चारु और राजीव की शादी ज्यादा समय तक चल नहीं पाई और दोनों की राहें अलग हो गईं। जून 2023 में दोनों ने तलाक ले लिया। बेटी जियाना अपनी मां चारु के साथ रहती हैं।