Birthday Special: सिर्फ 6 रुपये लेकर मुंबई आए थे रोनित रॉय, आज हैं करोड़ों के मालिक

Ronit Roy Birthday: रोनित रॉय ने रोनित जब सिर्फ 6 रुपये 20 पैसे लेकर मुंबई आए थे, तब उनके पास न पैसा था, न पहचान। शुरुआती दिनों में उन्हें जूनियर आर्टिस्ट से भी कम भुगतान मिलता था।
Birthday Special: सिर्फ 6 रुपये लेकर मुंबई आए थे रोनित रॉय, आज हैं करोड़ों के मालिक
रोनित रॉय (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Ronit Roy Birthday Special Story: छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक अपनी शानदार अदाकारी का लोहा मनवाने वाले एक्टर रोनित रॉय आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। लेकिन उनकी सफलता का यह सफर उतना आसान नहीं था जितना आज दिखाई देता है। रोनित रॉय आज अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। 11 अक्टूबर 1965 को नागपुर में जन्मे रोनित जब मुंबई आए थे, तब उनके पास मात्र 6 रुपये 20 पैसे थे। आज वही रोनित करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं और फिल्म, टीवी और बिजनेस तीनों ही क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बना चुके हैं।

रोनित रॉय ने करियर की शुरुआत 1990 के दशक में फिल्मों से की थी, लेकिन शुरुआती संघर्ष इतना कठिन था कि उन्हें जूनियर आर्टिस्ट से भी कम भुगतान किया जाता था। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि बालाजी टेलीफिल्म्स के शो ‘कमल’ (2002) में उन्हें प्रति दिन सिर्फ 1,200 रुपये की फीस मिलती थी, जबकि उनके ड्राइवर ने बताया कि जूनियर कलाकार 1,500 रुपये प्रतिदिन कमाते हैं। यही अनुभव रोनित के लिए एक बड़ा सबक बन गया और उन्होंने हार मानने के बजाय खुद को और बेहतर बनाने का फैसला किया।

रोनित रॉय का करियर

एकता कपूर के टीवी शो ‘कसौटी जिंदगी की’ और ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया। इसके बाद उन्होंने टीवी और फिल्मों दोनों में शानदार प्रदर्शन किया। उनकी गिनती उन एक्टर्स में होती है जिन्होंने टीवी से बॉलीवुड तक एक सफल ट्रांजिशन किया। रोनित ने ‘उड़ान’, ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’, ‘2 स्टेट्स’, ‘काबिल’ और कई अन्य फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं।

सफल बिजनेसमैन हैं रोनित रॉय

लेकिन रोनित रॉय सिर्फ एक एक्टर नहीं, बल्कि एक सफल बिजनेसमैन भी हैं। वह ‘Ace Security and Protection Agency’ के मालिक हैं, जो सलमान खान, शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, आमिर खान और मिथुन चक्रवर्ती जैसे सितारों को सिक्योरिटी सेवाएं प्रदान करती है। उनकी एजेंसी ने ‘लगान’, ‘दिल चाहता है’, ‘साथिया’ और ‘अरमान’ जैसी फिल्मों की शूटिंग के दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाई है।

रोनित रॉय की कुल संपत्ति

लॉकडाउन के दौरान उन्हें कई आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा, जब उनके कई क्लाइंट्स ने अनुबंध रद्द कर दिए। बावजूद इसके, रोनित ने अपने धैर्य और अनुशासन से सब संभाल लिया। आज रोनित रॉय की कुल संपत्ति लगभग 40 लाख डॉलर यानी 25 करोड़ रुपये से अधिक बताई जाती है। उनकी कमाई का प्रमुख स्रोत अभिनय, ब्रांड एंडोर्समेंट और उनका सिक्योरिटी व्यवसाय है।

Navbharat Live
navbharatlive.com