

2026 की 5 सस्पेंस-थ्रिलर फिल्में, कहानी में हैं जबरदस्त ट्विस्ट
सैफ अली खान की 'कर्तव्य' से तापसी की 'गांधारी' तक
नेटफ्लिक्स और प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं ये फिल्में
Best Suspense Thriller Movies 2026: साल 2026 में सस्पेंस, क्राइम और थ्रिलर से भरपूर कई फिल्मों ने ऑडियंस का ध्यान अपनी ओर खींचा है। कई फिल्मों की दमदार कहानी ने दर्शकों को प्रभावित किया, तो कहीं कलाकारों के परफॉर्मेंस ने चर्चा बटोरी।
इन सस्पेंस थ्रिलर फिल्मों में ऐसे ट्विस्ट और टर्न देखने के लिए मिलते है, जो आपको अपनी जगह से हिलने नहीं देते हैं। अगर आप भी घर बैठे कोई बेहतरीन सस्पेंस थ्रिलर फिल्म देखना चाहते हैं, तो ये 5 फिल्में आपकी वॉचलिस्ट के लिए बिल्कुल परफेक्ट रह सकती हैं।
कुछ समय पहले ही सैफ अली खान की थ्रिलर फिल्म कर्तव्य आयी थी। इस फिल्म में उन्होंने एक पुलिस ऑफिसर का किरदार निभाया था। इस फिल्म की कहानी बच्चे की मौत और रूढ़िवादी सोच से जुड़ी हुई है। इस फिल्म की कहानी शुरुआत से लेकर अंत तक सस्पेंस से भरी हुई है। इस फिल्म में सैफ अली खान के परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ हुई थी। ये वहीं फिल्म है, जिससे मशहूर पत्रकार सौरभ द्विवेदी ने भी अपना एक्टिंग डेब्यू किया था। इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुके मनोज बाजपेयी की फिल्म गजब रात की कहानी एक रात और एक लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है। इस फिल्म की कहानी में कुछ लोग इस लड़की की जान लेने के पीछे पड़े होते हैं, जिससे फिल्म में सस्पेंस का डोज भी बढ़ता जाता है। इस फिल्म में मनोज बाजपेयी एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी का रोल निभाते हैं। हालांकि घटनाओं के आगे बढ़ने के साथ ही मनोज बाजपेयी के किरदार में भी बदलाव आता है और वो एक नेकदिल इंसान के रूप में सामने आने लगता है। इस फिल्म को आप ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
प्राइम वीडियो पर हाल ही में आयी फिल्म बबीता सिंह रिपोर्टिंग एक महिला पुलिसकर्मी की कहानी है। फिल्म में बबीता के बचपन के दोस्त बंसी की हत्या हो जाती है। इसके बाद वह इस मामले की जांच में जुट जाती है और हत्यारे तक पहुंचने की कोशिश करती है।
जांच के दौरान सामने आने वाले सुराग और कहानी में आने वाले मोड़ इसे दिलचस्प बनाते हैं। अगर आपको मर्डर मिस्ट्री और पुलिस जांच पर आधारित कहानियां पसंद हैं, तो यह फिल्म आपकी पसंद बन सकती है। इसे प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है। इस फिल्म में बरुण सोबती बंसी के किरदार में नजर आते हैं।
तापसी पन्नू की फिल्म गांधारी एक ऐसी मां की कहानी है, जिसकी बेटी का अपहरण हो जाता है। बेटी की तलाश में जुटी मां की जिंदगी में कई मुश्किलें आती हैं। कहानी में आगे चलकर उसका सामना मानव तस्करी करने वाले गिरोह से होता है। यह एक्शन और क्राइम थ्रिलर मां के संघर्ष और अपनी बेटी को बचाने की कोशिश पर आधारित है। तापसी पन्नू की भूमिका कहानी को आगे बढ़ाती है। फिल्म को नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है।
रानी मुखर्जी एक बार फिर इंस्पेक्टर शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में नजर आती हैं। फिल्म में शिवानी उन बच्चों की तलाश करती हैं, जो अचानक गायब हो रहे हैं। जांच के दौरान उसका सामना एक ऐसे गिरोह से होता है, जिसका इन घटनाओं से संबंध है। क्राइम और सस्पेंस से भरी इस कहानी में शिवानी का संघर्ष देखने को मिलता है। रानी मुखर्जी की दमदार परफॉर्मेंस फिल्म का अहम आकर्षण है। इसे नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है।