

Ashutosh Rana Spiritual Initiative: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर आशुतोष राणा ने अपने फैंस और आम लोगों के लिए एक बहुत बड़ा और अनोखा सरप्राइज तैयार किया है। दिल्ली में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान अभिनेता आशुतोष राणा ने तकनीक और आस्था के एक ऐसे अद्भुत मिलन की घोषणा की है, जो आने वाले समय में देश के करोड़ों भक्तों की भक्ति का पूरा तरीका ही बदलने जा रहा है।
एक्टर आशुतोष राणा ने जिस नए प्रोजेक्ट के साथ अपनी नई पारी की शुरुआत की है उसका नाम दुर्लभ दर्शन है। दुर्लभ दर्शन दुनिया का पहला ऐसा आध्यात्मिक प्रोजेक्ट है जिसमें देश भर में 100 से भी ज्यादा विशेष अनुभव केंद्र स्थापित किए जाने की योजना है। इस अनूठी पहल की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसके जरिए अब कोई भी भक्त देश के किसी भी कोने में बैठकर प्रसिद्ध देवालयों के बिल्कुल सजीव दर्शन कर सकेगा।
दुर्लभ दर्शन माध्यम से जब आप वर्चुअल चश्मा लगाकर बैठेंगे तो आपको सिर्फ 3 आयामी दृश्य ही नहीं दिखेंगे बल्कि वहां का पूरा माहौल आपके इर्द-गिर्द महसूस होगा।
मंदिर परिसर में चलने वाली ठंडी हवा, पूजा के दौरान छिड़के जाने वाले जल की बूंदें और वहां सुलगती धूप-अगरबत्ती की दिव्य सुगंध को भी आप साक्षात महसूस कर पाएंगे। इसके साथ ही बेहद आसान भाषा में वहां की पूजा पद्धति और आरती का पूरा महत्व भी समझाया जाएगा।
इस पूरे प्रोजेक्ट के पीछे एक पूर्व आईआरएस अधिकारी और आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र प्रशांत मिश्रा की 15 साल की कड़ी मेहनत छिपी हुई है। प्रशांत ने भारतीय राजस्व सेवा जैसी प्रतिष्ठित सरकारी नौकरी को सिर्फ इसलिए छोड़ दी ताकि वह इस तकनीक को हकीकत में बदल सकें।
बता दें कि उनके इस अनूठे स्टार्टअप को भारत सरकार की ओर से बेस्ट इनोवेशन और फाइव जी हैकाथॉन जैसे कई बड़े पुरस्कारों से भी नवाजा जा चुका है।
दुर्लभ दर्शन के शुरुआती चरण में भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या के राम मंदिर और अवंतिका नगरी उज्जैन के राजा महाकालेश्वर के दर्शनों को लाइव किया गया है। खुद आशुतोष राणा अपनी आवाज में इन प्रमुख देवस्थानों का पौराणिक महत्व और इनसे जुड़ी प्राचीन कहानियां भक्तों को सुना रहे हैं।
इन सभी 11 पवित्र गाथाओं को मशहूर साहित्यकार आलोक श्रीवास्तव ने लिखा है, जो इससे पहले आशुतोष राणा द्वारा गाए गए प्रसिद्ध शिव तांडव स्तोत्र का अनुवाद भी कर चुके हैं।