मौत का पहले ही हो गया था आभास? आशा भोसले ने आखिरी पोस्ट में बताई थी मोक्ष और जीवन की कहानी, वायरल हो रही पोस्ट

Asha Bhosle की आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट ने सबको भावुक कर दिया। वाराणसी और मोक्ष पर लिखी उनकी गहरी बातें अब फैंस के लिए एक पूर्वाभास बन गई हैं। सोमवार को शिवाजी पार्क में होगा अंतिम संस्कार।
asha bhosle last post
आशा भोसले की आखिरी पोस्ट(Image- Social Media)
Published on
Updated on

Asha Bhosle Last Social Media Post: गायिका आशा भोसले, जिनकी आवाज़ ने बॉलीवुड और संगीत जगत में दशकों तक राज किया, 92 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह गईं। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। आशा भोसले सोशल मीडिया पर अपने फैंस और फॉलोअर्स से हमेशा जुड़ी रहती थीं, और इंस्टाग्राम पर उनकी आखिरी पोस्ट 18 मार्च को आई थी। उस पोस्ट में आशा भोसले ने जीवन के अंत और मोक्ष के बारे में कई गहरी बातें लिखी थीं, जिसे अब उनके फैंस एक पूर्वाभास के रूप में देख रहे हैं।

आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट में गहरी बातें

आशा भोसले ने अपनी अंतिम इंस्टाग्राम पोस्ट में इंटरनेशनल बैंड गोरिल्लाज के साथ एक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें बैकग्राउंड में भारतीय मोहल्ला, हाथी और टूटी-फूटी चीजें दिख रही थीं। तस्वीर में वह शांत और सादगी भरे अंदाज में नजर आ रही थीं। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "वाराणसी जाकर और सबसे पवित्र नदी गंगा के किनारे यात्रा करते हुए, जो कुछ मैंने देखा उसे करीब से समझने पर, मुझे जीवन का अर्थ समझ आया कि मैं कौन हूं और इस धरती पर मुझे क्या करना है।" उन्होंने अपनी संगीत साधना को एक मांझी (नाव चलाने वाले) की तरह बताया था, जो उन्हें जीवन रूपी नदी के पार ले जाने में मदद कर रहा था।

आध्यात्मिक रूप से तैयार थीं आशा भोसले

आशा भोसले ने पोस्ट में यह भी लिखा था, "जब मैं नदी के उस पार पहुंच जाऊंगी, तो मेरी यात्रा पूरी हो जाएगी। मुझे मोक्ष प्राप्त होगा और मैं उन हजारों आवाज़ों का हिस्सा बन जाऊंगी जो हमारे चारों ओर तैर रही हैं।" यह शब्द इस बात का संकेत थे कि वह अपने जीवन के अंतिम चरण के लिए आध्यात्मिक रूप से तैयार थीं। उन्होंने यह भी कहा था कि वह प्रकृति के साथ एक होने का इंतजार कर रही हैं। अपने गाने 'द शैडोई लाइट' के जरिए उन्होंने अपनी पूरी विरासत को एक जगह समेटने की कोशिश की।

गायकी की दुनिया के लिए एक युग का अंत

ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, आशा भोसले का निधन मल्टी-ऑर्गन फेल्योर की वजह से हुआ था। इस दुखद घड़ी में उनकी पोती जनाई भोसले ने परिवार की प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की है। आशा भोसले का अंतिम संस्कार सोमवार को दोपहर 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मनोरंजन और गायकी की दुनिया के लिए आशा भोसले का जाना एक बहुत बड़ी क्षति है।

Navbharat Live
navbharatlive.com