

Archana Puran Singh Love Story: मनोरंजन जगत में सितारों की जिंदगी हमेशा सुर्खियों में बनी रहती है। हंसी के ठहाकों के लिए फेमस एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह और उनके पति परमीत सेठी की लव स्टोरी भी किसी फिल्मी कहानी से कम दिलचस्प नहीं है। पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच एक अनूठा जुड़ाव बना। शुरुआत में दोनों में से किसी ने नहीं सोचा था कि यह सफर जिंदगीभर के साथ में बदल जाएगा।
दोनों की पहली मुलाकात साल 1988 में एक कॉमन दोस्त के जरिए हुई थी। उस वक्त दोनों ही अपने-अपने पुराने रिश्तों के टूटने के दौर से गुजर रहे थे। पहली बातचीत के बाद दोनों के बीच बातें बढ़ने लगीं। शुरुआत में दोनों ने तय किया था कि यह सिर्फ एक कैजुअल मुलाकात रहेगी और इसे लेकर कोई भी गंभीर नहीं होगा। अर्चना और पूरन अक्सर एक-दूसरे को याद दिलाते थे कि इस रिश्ते से ज्यादा उम्मीदें नहीं रखनी हैं।
समय बीतने के साथ दोनों का एक-दूसरे के प्रति लगाव गहरा होता गया। शुरुआत की हिचकिचाहट के बाद परमीत को अहसास हुआ कि अर्चना ही उनके लिए सही जीवनसाथी हैं। हालांकि परमीत का परिवार इस रिश्ते के लिए पूरी तरह तैयार नहीं था, लेकिन दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामने का मन बना लिया था। इसके बाद दोनों ने अचानक एक रात शादी करने का फैसला किया और पंडित जी को ढूंढकर अगले दिन सुबह शादी के बंधन में बंध गए।
शादी करने के बाद भी अर्चना पूरन सिंह और परमीत सेठी ने अपनी शादी की बात लगभग 4 सालों तक सबसे छुपा कर रखी। उस दौर में फिल्म इंडस्ट्री में यह माना जाता था कि शादी के बाद एक्ट्रेस का करियर धीमा पड़ जाता है। अर्चना अपनी एक्टिंग करियर को प्रभावित नहीं होने देना चाहती थीं। दोनों पहले से ही साथ रह रहे थे, इसलिए किसी को उनकी शादी का शक भी नहीं हुआ। जब तक सही समय नहीं आया, उन्होंने इस सच को सार्वजनिक नहीं किया।
अर्चना पूरन सिंह और परमीत सेठी की शादी को 3 दशक से भी ज्यादा का समय बीत चुका है और वे दो बेटों के माता-पिता हैं। दोनों सोशल मीडिया और अपने यूट्यूब चैनल के जरिए से अपनी जिंदगी की मजेदार बातें फैंस के साथ शेयर करते रहते हैं। एक दौर में आम रिश्ते के रूप में शुरू हुआ यह सफर आज बॉलीवुड की सबसे मिसाली और मजबूत जोड़ियों में गिना जाता है।