

Anupam Kher Statement Career: बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी किसी ना किसी बात को लेकर छाए रहते हैं। अनुपम खेर अपने काम से जुड़े अपडेट के साथ ही जिंदगी कई किस्से-कहानियों को भी फैंस के साथ शेयर करते रहते है। इसी कड़ी में हाल ही में अभिनेता अनुपम खेर ने एक वीडियो शेयर करते हुए सपनों की नगरी मुंबई नगरी का शुक्रिया अदा किया है।
अपने लेटेस्ट पोस्ट में अनुपम ने बताया कि सपनों के शहर यानी मुंबई में उन्हें 45 साल हो चुके हैं। सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने मुंबई को धन्यवाद देते हुए शहर के साथ जुड़े अपने सफर को याद किया है।
अभिनेता अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “डियर मुंबई, 3 जून 1981 को सपनों से भरी आंखों और उम्मीदों भरे दिल के साथ मैं तुम्हारे पास आया था। आज तुम्हारे साथ 45 साल पूरे कर रहा हूं।” अनुपम खेर ने मुंबई की तारीफ करते हुए इस शहर को उदार शहर बताया। उन्होंने कहा, "इस शहर ने शिमला के एक साधारण लड़के को अपनी बाहों में जगह दी। संघर्ष दिए, सफलताएं दी, ठोकरें दी और उनसे सीखने की ताकत भी दी। यह शहर हर किसी को अपनाता है और उसे अपना एहसास कराता है। तुम्हारा दिल दुनिया के किसी भी शहर से बड़ा है।” उन्होंने मां मुंबा देवी का भी आभार जताया, जिनके नाम पर शहर का नाम पड़ा है।
अपने वीडियो में अनुपम खेर काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि “जेब में ना के बराबर पैसे थे, लेकिन सपने बहुत बड़े थे। मुंबई ने मुझे सिर्फ अपनाया नहीं, बल्कि मुझे गढ़ा है।” उन्होंने बताया कि शहर ने उन्हें संघर्ष दिए जिसने उन्हें मजबूत बनाया, सफलता दी लेकिन विनम्रता भी सिखाई।
अनुपम खेर ने मुंबई की लोकल ट्रेनों की बात करते हुए कहा कि उनसे उन्होंने इंसानों को समझना सीखा। सड़कों पर चलते आम आदमी ने उन्हें धैर्य सिखाया। यह शहर मुझे लगातार प्रेरणा देता है कि जीवन में बेहतर करने की कोशिश कभी रुकनी नहीं चाहिए।”
45 साल बाद भी वे मुंबई से सीख रहे हैं। उन्होंने मुंबई फिल्म इंडस्ट्री को भी धन्यवाद दिया, लेकिन आज उन्होंने खास तौर पर उस शहर को याद किया जिसने एक छोटे शहर से आए लड़के को सपने देखने की हिम्मत दी। अनुपम खेर ने मुंबई को सलाम करते हुए कहा, “बहुत-बहुत धन्यवाद मुंबई।