

Anupam Kher Donates Rs 5 Lakh For Assam Flood: भारत के पूर्वात्तर में बाढ़ ने कोहराम मचा दिया है। बाढ़ के चलते असम के कई इलाकों में लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ऐसे में कई लोग असम में पुनर्वास में मदद के लिए सामने आ रहे है।
हाल ही में लेजेंडरी एक्टर अनुपम खेर ने भी असम बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि आगे आकर असम में आयी प्राकृतिक आपदा से निकलने के लिए लोगों की मदद करें।अनुपम खेर ने दान दिए 5 लाख रुपये
असम में बिगड़ते हालात देखते हुए एक्टर अनुपम खेर का भी दिल पसीज गया। यही कारण है कि उन्होंने असम बाढ़ पीड़ितों को राहत देने के लिए 5 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए दान में दिए हैं। अनुपम खेर ने आरटीजीएस के जरिए सीधे ये राशि ऑफिशियल रिलीफ फंड में भेजी है, जिसके राज्य में चल रहे राहत और पुनर्वास के काम को रफ्तार मिलेगी।
अनुपम खेर की ओर से बढ़ाया गया ये मदद का हाथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे बचाव, राहत और पुनर्वास अभियानों के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। असम सरकार इस रिलीफ फंड का इस्तेमाल प्रभावित परिवारों तक आवश्यक मदद पहुंचाने और पुनर्वास कार्यों को रफ्तार देने के लिए कर रही है। अनुपम खेर का यह कदम आपदा के समय सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी देता है।
दान देने से कुछ दिन पहले ही अनुपम खेर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए देशवासियों से असम के बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि बाढ़ ने हजारों परिवारों की जिंदगी प्रभावित कर दी है और ऐसे समय में हर छोटी-बड़ी मदद उनके लिए नई उम्मीद बन सकती है। उन्होंने लोगों से अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देने का आग्रह किया था।
अनुपम खेर लंबे समय से अपनी फाउंडेशन के माध्यम से सामाजिक और मानवीय कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में उनकी संस्था समय-समय पर सहयोग करती रही है। असम बाढ़ पीड़ितों के लिए किया गया यह योगदान भी उसी प्रयास का हिस्सा माना जा रहा है।